Published on 18/03/2026 03:17 PM
Mankind Pharma Share Price: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी मैनकाइंड फार्मा के शेयर एक ब्रांड के अधिग्रहण के चलते 3% उछल पड़े। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि Roche से इसने भारतीय मार्केट में रिवोट्रिल (Rivotril) ब्रांड का अधिग्रहण कर लिया है। इस अधिग्रहण पर निवेशक चहक उठे और धड़ाधड़ शेयरों की खरीदारी करने लगे जिसके चलते शेयर 3% उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.01% की बढ़त के साथ ₹2109.00 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.00% उछलकर ₹2129.50 तक पहुंच गया था।
क्या मिलेगा Mankind Pharma को अधिग्रहण से?
मैनकाइंड फार्मा ने भारतीय मार्केट में रिवोट्रिल (Rivotril) ब्रांड को Roche से हासिल कर लिया है। एक्सचेंजों के पास भेजी गई जानकारी के मुताबिक इसे भारत में रिवोट्रिल को बनाने और बेचने का एक्स्क्लूसिव राइट्स मिला है। इसके जरिए कंपनी की CNS (क्रोनिक एंड सेंट्रल नर्वस सिस्टम) थेरेपी सेगमेंट में मौजूदगी मजबूत हुई है। रिवोट्रिल क्लोनाजेपम को लेकर फॉर्मूला है जिसका इस्तेमाल न्यूरोलॉजिकल और साइकियाट्रिक कंडीशंस में होता है। मैनकाइंड फार्मा का कहना है कि यह सौदा सीएनएस सेगमेंट में आने वाले समय में मौके तैयार करेगा जिससे रोगियों और डॉक्टरों की बदलती जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
कैसी है सेहत?
मैनकाइंड फार्मा के लिए चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 धमाकेदार रही और इसका रेवेन्यू-प्रॉफिट तो बढ़ा ही, ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी फायदे में रही। दिसंबर 2025 तिमाही में मैनकाइंड फार्मा का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 7.5% उछलकर ₹408.7 करोड़ और रेवेन्यू 11.5% चढ़कर ₹3,567 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी कि ईबीआईटीडीए 12.7% बढ़कर ₹919.6 करोड़ पर पहुंच गया तो ऑपरेटिंग मार्जिन भी 25.5% से बढ़कर 25.8% पर पहुंच गया।
हालांकि शेयरों की बात करें तो एक साल में इसने निवेशकों को काफी झटका दिया। पिछले साल 15 जुलाई 2025 को बीएसई पर यह ₹2726.75 पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 7 महीने में यह 26.11% टूटकर पिछले महीने 23 फरवरी 2026 को ₹2014.85 तक आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। मासिक लेवल पर बात करें तो अगस्त 2025 से लेकर जनवरी 2026 तक लगातार यह रेड जोन में बंद हुआ था और इस दौरान यह 17% से अधिक कमजोर हुआ लेकिन फिर फरवरी 2026 में इसमें करीब 6% की रिकवरी हुई। हालांकि फिर इस महीने अब तक यह करीब 6% कमजोर हुआ है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।