News Image
Money Control

Adani Group का AI बड़ा दांव, 2035 तक होगा $100 अरब का निवेश, अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 2.5% चढ़े

Published on 17/02/2026 02:01 PM

Adani Enterprises Shares: अदाणी ग्रुप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बड़ा दांव लगाने का ऐलान किया है। ग्रुप की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने मंगलवार 17 फरवरी को बताया कि कि वह 2035 तक AI-रेडी डेटा सेंटर बनाने के लिए 100 अरब डॉलर का निवेश करेगी। कंपनी ने बताया कि ये डेटा सेंटर, रिन्यूएबल एनर्जी से चलेंगे।

इस खबर के बाद शेयर बाजार में पॉजिटिव रिएक्शन देखने को मिली। दोपहर 12:45 बजे, अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 2.6% बढ़कर 2,242 रुपये पर कारोबार कर रहा था। यह निफ्टी 50 इंडेक्स में टॉप गेनर्स में शामिल रहा।

250 अरब डॉलर का एआई इकोसिस्टम बनाने की योजना

कंपनी ने अपने बयान में कहा कि यह निवेश अगले दस सालों में दूसरे सेक्टर्स में 150 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश आकर्षित कर सकता है। इनमें सर्वर मैन्युफैक्चरिंग, एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर, सॉवरेन क्लाउड प्लेटफॉर्म और दूसरी सपोर्टिंग इंडस्ट्री शामिल होंगी।

अदाणी ग्रुप के अनुसार, इस पूरी पहल से भारत में कुल मिलाकर 250 अरब डॉलर का एआई इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम तैयार हो सकता है।

गौतम अदाणी का बयान

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन, गौतम अदाणी ने कहा कि दुनिया एक नई इंटेलीजेंस क्रांति की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जो देश ऊर्जा और कंप्यूटिंग के संतुलन को साध लेंगे, वही भविष्य की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत एआई युग में केवल कंज्यूमर बनकर नहीं रहेगा, बल्कि प्रोड्यूसर और एक्सपोर्टर बनेगा। डेटा सेंटर और ग्रीन एनर्जी में अपनी मौजूदा ताकत के आधार पर अदाणी ग्रुप, AI के पूरे “फाइव-लेयर स्टैक” पर काम करेगा।

गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के साथ साझेदारी

इस योजना की नींव अडानी कॉनेक्स के मौजूदा 2 गीगावॉट डेटा सेंटर नेटवर्क पर रखी गई है। इसे बढ़ाकर 5 गीगावॉट तक ले जाने का लक्ष्य है।

विशाखापत्तनम में देश का सबसे बड़ा गीगावॉट-स्केल AI डेटा सेंटर कैंपस खोलने के लिए Google के साथ साझेदारी की गई है। इसके अलावा नोएडा, हैदराबाद और पुणे में भी कैंपस विकसित किए जा रहे हैं।

हैदराबाद और पुणे में Microsoft के साथ भी सहयोग किया जा रहा है। अक्टूबर में गूगल ने आंध्र प्रदेश में AI डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए 15 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की थी। इस परियोजना में अदाणी कॉनेक्स की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

फ्लिपकार्ट के साथ नया डेटा सेंटर

अदाणी ग्रुप ने यह भी कहा कि वह Flipkart के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करेगा। दोनों मिलकर दूसरा एआई डेटा सेंटर विकसित करेंगे, जो डिजिटल कॉमर्स, हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और बड़े AI वर्कलोड को सपोर्ट करेगा।

इंटीग्रेटेट एनर्जी और कंप्यूट मॉडल

कंपनी का कहना है कि 5 गीगावॉट की तैनाती के साथ दुनिया का सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म तैयार होगा। इसमें रिन्यूएबल एनर्जी का उत्पादन, ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर और हाई-डेंसिटी एआई कंप्यूटिंग को एक साथ विकसित किया जाएगा।

यह मॉडल पारंपरिक डेटा सेंटर विस्तार से अलग होगा। इसमें एनर्जी और कंप्यूट क्षमता समानांतर रूप से बढ़ाई जाएगी। अदाणी ग्रुप ने कहा कि वह दूसरी ग्लोबल कंपनियों के साथ भी बातचीत कर रहा है, जो भारत में बड़े पैमाने पर AI कैंपस स्थापित करना चाहती हैं।

यह भी पढ़ें- Share Market Rise: सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 600 अंक उछला, इन 4 वजहों से शेयर बाजार में लौटी तेजी

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।