News Image
Money Control

Ambuja Cements Q3 Results: नतीजे आते ही 5% टूट गया शेयर, रिकॉर्ड सेल्स वॉल्यूम के बावजूद इस कारण निवेशक परेशान

Published on 30/01/2026 05:06 PM

Ambuja Cements Q3 Results: 1 फरवरी को बजट पेश होने के एक कारोबारी दिन पहले आज घरेलू स्टॉक मार्केट में मुनाफावसूली की तेज दबाव रहा। हालांकि अंबुजा सीमेंट्स किसी भारी गिरावट से बचा रहा और मामूली गिरावट के साथ बना रहा। हालांकि जैसे ही इसके कारोबारी नतीजे आए, यह धड़ाम हो गया और 5% से अधिक टूट गया। यह स्थिति तो तब रही, जब दिसंबर 2025 तिमाही में इसकी सेल्स वॉल्यूम रिकॉर्ड लेवल पर रही। इसे ऑपरेटिंग लेवल पर झटका लगा जिसके चलते शेयर फिसल गए। दिन के आखिरी में आज यह 4.81% की गिरावट के साथ ₹510.20 पर बंद हुआ है। हालांकि इंट्रा-डे में यह 5.21% फिसलकर ₹508.05 तक आ गया था।

Ambuja Cements Q3 Results: खास बातें

चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में अंबुजा सीमेंट्स का कंसालिडेटेड ऑपरेशनल रेवेन्यू 19.80% बढ़कर ₹10,180.52 करोड़ पर पहुंच गया जोकि सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में लगाए गए ₹10,172 करोड़ के अनुमान से थोड़ा अधिक रहा। सालाना आधार पर कंपनी की सेल्स वॉल्यूम दिसंबर 2025 तिमाही में 17% उछलकर 1.89 करोड़ टन पर पहुंच गई जो कंपनी के लिए किसी भी तिमाही में अब तक सबसे अधिक है। हालांकि दूसरी तरफ कंपनी का शुद्ध मुनाफा (कंपनी के ओनर्स के लिए) 90.56% गिरकर ₹203.70 करोड़ पर आ गया। इसके प्रॉफिट को नए लेबर कोड्स के चलते भी झटका लगा जिस पर ₹107 करोड़ का वन-टाइम चार्ज आया।

ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट दिसंबर 2025 तिमाही में सालाना आधार पर 20.96% गिरकर ₹1,353 करोड़ पर आ गया जबकि सीएनबीसी-टीवी18 पोल में अनुमान ₹1,712 करोड़ का लगाया गया था। इस दौरान सीमेंट कंपनी का ईबीआईटीडीए मार्जिन भी 500 बेसिस प्वाइंट्स गिरकर 13.2% पर आ गया और यह भी 16.9% के अनुमान से काफी कम रहा। बिजली और फ्यूल पर अधिक खर्च के साथ-साथ अधिक भाड़े और फारवर्डिंग एक्सपेंसेज ने इसे ऑपरेटिंग लेवल पर झटका दिया।

बिजली और फ्यूल पर कंपनी का खर्च सालाना आधार पर दिसंबर 2025 तिमाही में 26% बढ़ गया तो फ्रेट और फारवर्डिंग एक्सपेंसेज 16% उछल पड़े। कंपनी का प्रति टन ऑपरेटिंग प्रॉफिट सालाना आधार पर ₹1059 से गिरकर ₹718 पर आ गया। नतीजे के साथ कंपनी ने खुलासा किया कि 2.4 MTPA की मारवाड़ ग्राइंडिंग यूनिट सफलतापूर्वक चालू हो गई है, जिससे इसकी कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 109 MTPA हो गई है जिसे मार्च 2026 तक 115 MTPA तक ले जाने का लक्ष्य है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

अंबुजा सीमेंट्स के शेयर पिछले साल 3 मार्च 2025 को ₹455.00 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह चार ही महीने में 37.36% उछलकर 22 जुलाई 2025 को ₹625.00 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

Budget 2026 Expectations: Defence Sector  को बजट से तगड़ी उम्मीदें, लेकिन इस बात पर अधिक जोर की सिफारिश

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।