News Image
Money Control

Asian Markets : ईरान युद्ध और महंगाई की चिंताओं ने बनाया दबाव, एशियाई शेयरों ने गंवाई 2026 की सारी बढ़त

Published on 31/03/2026 07:53 AM

Asian Markets : एशियाई शेयर बाज़ारों में गिरावट देखने को मिल रही है। तमाम अहम एशियायी बेंचमार्क इंडेक्सों ने इस साल हासिल की गई अपनी बढ़त गंवा दी। ईरान युद्ध के कारण तेल और गैस की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी ने महंगाई और धीमी आर्थिक वृद्धि दर को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। आज मंगलवार को MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स में 1.1% तक की गिरावट आई है। Samsung Electronics और SK Hynix Inc जैसे शेयरों की इस गिरावट में सबसे बड़ी भूमिका है। MSCI के उभरते बाजारों के इंडेक्स ने भी 2026 में हासिल की गई अपनी बढ़त गंवा दी है।

यह गिरावट एशियाई बाज़ार की किस्मत में आए अचानक बदलाव को दिखाता है। एशियाई बाजारों ने साल की शुरुआत जोश में की थी। निवेशक इस रीजन के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर स्टॉक्स में लगातार निवेश कर रहे थे। लेकिन मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के पांचवें हफ़्ते में प्रवेश करने के साथ ही निवेशक शेयर बाजार में जोखिम उठाने से बचते नजर आ रहे हैं।

MSCI एशिया इंडेक्स साल की शुरुआत से 27 फरवरी तक 15% चढ़कर अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया था। यह दुनिया के दूसरे अहम इक्विटी इंडेक्सों से कहीं आगे था। लेकिन अब यह बढ़त खत्म हो गई है,क्योंकि सख़्त मौद्रिक नीति और ज़रूरी चीज़ों की सप्लाई में कमी की संभावनाओं के चलते विकास के अनुमानों की फिर से विचार समीक्षा की जा रही है।

दक्षिण कोरिया,जापान और भारत सहित तमाम एशियाई अर्थव्यवस्थाएं तेल की कीमतों में बढ़त से लगने वाले झटकों के खासतौर से संवेदनशील हैं। अपनी एनर्जी जरूरतों के लिए वे मध्य-पूर्व के देशों पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं। इस वजह से ट्रेडर बढ़ती लागत के कॉर्पोरेट मुनाफ़े पर पड़ने वाले निगेटिव असर और महंगाई को नियंत्रित करने के लिए बढ़ाई जाने वाली ब्याज दरों को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं।

एशियाई इंडेक्सों पर एक नजर

एशियाई इंडेक्सों के आज की चाल पर नजर डालें तो सुबह 7.30 बजे के आसपास गिफ्ट निफ्टी 233.50 अंक यानी 1.04 फीसदी की बढ़त के साथ 22,661.50 के लेवल पर दिख रहा है। वहीं, जापान का निक्केई 70.85 अंक यानी 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 51,799 के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं, स्ट्रेट टाइम्स 25.11 अंक यानी 0.51 फीसदी की तेजी के साथ 4,922.19 पर दिख रहा है। हैंग सेंग 51.21 अंक यानी 0.21 फीसदी बढ़ कर 24,815 पर दिख रहा है। ताइवान का बाजार 181.99 अंक यानी 0.56 फीसदी गिरकर 32,316.47 के स्तर पर दिख रहा है। कोस्पी में 72.45 अंक यानी 1.37 फीसदी की कमजोरी के साथ 5,198.12 पर कारोबार कर रहा है। जबकि, शांघाई कम्पोजिट 16.78 अंक यानी 0.43 फीसदी की बढ़त दिखा रहा है।

अमेरिकी बाजार

अमेरिकी बाजारों पर नजर डालें तो आज 31 मार्च को भारतीय समय के मुताबित सुबह 7.45 बजे के आसपास डाओ जोन्स फ्यूचर्स 464.06 अंक यानी 1.03 फीसदी की तेजी के साथ 45,682.19 पर दिख रहा है। वहीं, कल S&P 500 इंडेक्स 25.13 अंक यानी 0.39 फीसदी की कमजोरी के साथ 6,343.72 पर और नैस्डैक 153.72 अंक यानी 0.73 फीसदी की गिरावट के साथ 20,794.64 के लेवल पर बंद हुआ था।

 

Market insight : रुपए की गिरावट से IT कंपनियों के मार्जिन को सपोर्ट संभव, फार्मा सेक्टर में ढूंढने चाहिए मौकेहिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।