News Image
Money Control

Asian Markets : कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मिली राहत, एशियाई बाजार मिलेजुले

Published on 20/03/2026 07:58 AM

Asian Markets : अमेरिकी शेयर बाजार कल के कारोबारी सत्र में निचले स्तर से उबरते दिखे। वहीं, कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट आई है। इसके चलते आज शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों में मिलाजुला कारोबार दिख रहा है। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान युद्ध को लेकर बनी चिंताओं को कम करने के प्रयासों के बीच यह तेजी आई है। MSCI एशिया पैसिफिक इंडेक्स पिछले सत्र में 2.6% गिरने के बाद आज 0.3% चढ़ा है। पिछले सत्र में मध्य पूर्व में एनर्जी इंफ्रा पर हुए हमलों ने युद्ध के लंबे समय तक पड़ने वाले आर्थिक असर को लेकर चिंताएं बढ़ा दी थीं। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से राहत मिली है। ऐसे में एशियाई बाजार जोश में दिख रहे हैं।

जापानी बाज़ार आज छुट्टी की वजह से बंद, नहीं होगी कोई कैश ट्रेडिंग

कल S&P 500 फ्यूचर्स में भी बढ़त देखने को मिली। जबकि, इसका मेन बेंचमार्क 1% की गिरावट से उबरते हुए 0.3% ऊपर बंद होने में कामाब रहा। शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। जापानी बाज़ार आज छुट्टी की वजह से बंद हैं। इसका मतलब है कि एशियाई समय के दौरान ट्रेजरीज़ में कोई कैश ट्रेडिंग नहीं होगी।

नेतन्याहू और ट्रंप के बयानों से मिला सपोर्ट

इस बीच इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह युद्ध लोगों की सोच से कहीं ज़्यादा तेज़ी से खत्म होगा,क्योंकि ईरान अब न तो यूरेनियम को एनरिच कर पा रहा है और न ही बैलिस्टिक मिसाइलें बना पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इज़रायल अब एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना नहीं बनाएगा। जमीन पर अमेरिकी सैनिकों को तैनात करने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर,राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वह "कहीं भी सैनिक नहीं भेज रहे हैं।" इन बयानों के बाद अमेरिकी शेयरों में आई गिरावट कुछ कम हुई।

हटेंगे ईरानी तेल पर लंबे समय से लगाए गए प्रतिबंध

हर भू-राजनीतिक खबर पर ट्रेडरों की बारीकी से नजर है, ताकि यह अंदाज़ा लगाया जा सके कि ईरान में युद्ध कब तक चलेगा और क्या तनाव और बढ़ेगा। ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने बताया कि अमेरिका बढ़ती एनर्जी कीमतों को कम करने की कोशिश में ईरानी तेल पर लंबे समय से लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने पर विचार कर रहा है। गुरुवार को एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि व्हाइट हाउस की तेल और गैस के निर्यात पर रोक लगाने की कोई योजना नहीं है।

दुनिया भर के डेट मार्केट में निवेशकों ने ब्याज दरों में बढ़त की उम्मीद के साथ दांव लगाना शुरू कर दिया है। इसके चलते शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के सरकारी बॉन्ड पर यील्ड बढ़ गई है। निवेशकों को लग रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से तेल की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ सकती है। ऐसे में केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में बढ़त की जा सकती है।

एशियाई इंडेक्सों पर एक नजर

गिफ्ट निफ्टी 83 अंक यानी 0.36 फीसदी की बढ़त के साथ 23,211 के आसपास नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई आज बंद है। स्ट्रेट टाइम्स 5.06 अंक यानी 0.10 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 4,960 के आसपास कारोबार कर रहा है। हैंग सेंग में भी कमजोरी है। फिलहाल ये 159.58 अंक यानी 0.63 फीसदी की गिरावट के साथ 25,343 के आसपास दिख रहा है। ताइवानी बाजार में 0.10 फीसदी की कमजोरी दिख रही है। हालांकि कोस्पी में 0.57 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। वहीं, शांघाई कंपोजिट 0.15 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है।

 

 

IPO News : भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट जल्द ही IPO के लिए दाखिल करेगी अर्जीहिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।