News Image
Money Control

Asston Pharma IPO Listing: लिस्ट होते ही लोअर सर्किट, ₹123 के शेयरों ने दिया शॉक, आईपीओ को मिला था तगड़ा रिस्पांस

Published on 16/07/2025 10:04 AM

Asston Pharma IPO Listing: दुनिया भर में फार्मा प्रोडक्ट्स बनाकर सप्लाई करने वाली एस्टन फार्मा के शेयरों की आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर डिस्काउंट पर एंट्री हुई। हालांकि इसके आईपीओ को भी निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था और इसे ओवरऑल 186 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹123 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹119.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि उनकी पूंजी ही 3.25% घट गई। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर और नीचे आए। टूटकर यह ₹113.05 (Asston Pharma Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 8.09% घाटे में हैं।

Asston Pharma IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

एस्टन फार्मा का ₹27.56 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 9-11 जुलाई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 186.55 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 85.76 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 353.14 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 172.06 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 22.41 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹6 करोड़ मशीनरी, ₹13 करोड़ वर्किंग कैपिटल की बढ़ी हुई जरूरतों ₹1 करोड़ कर्ज चुकाने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Asston Pharma के बारे में

वर्ष 2019 में बनी एस्टन फार्मा दुनिया भर में हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स की सप्लाई करती है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में टैबलेट्स, कैप्सूल, सैशे और सिरप हैं। यह सीधी बिक्री के लिए फार्मा प्रोडक्ट्स बनाती है और साथ ही में कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग और लोन लाइसेंस बेसिस पर भी प्रोडक्ट्स बनाती है। इसके प्रोडक्ट्स एल्बेन्डाजोल यूएसपी 400 एमजी, डाइक्लोपेनाक 100 एमजी और फेरोविट सिरप इत्यादि हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।

वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1.06 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹1.36 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹4.33 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी के रेवेन्यू में ताबड़तोड़ तेजी आई और वित्त वर्ष 2023 में ₹7.19 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹15.84 करोड़ से वित्त वर्ष 2025 में ₹25.61 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो पहले दो महीने अप्रैल-मई 2025 में इसे ₹1.32 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹6.21 करोड़ का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।

WeWork India IPO: वीवर्क इंडिया के आईपीओ को SEBI से मिली मंजूरी

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।Tags: #IPO #share marketsFirst Published: Jul 16, 2025 10:04 AMहिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।