Published on 24/09/2025 10:51 AM
Bajaj Electricals shares: बजाज ग्रुप की कंपनी बजाज इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के शेयरों में आज 24 सितंबर को तूफानी तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 13.15 फीसदी तक की छलांग लगाकर 653.80 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि कंपनी के बोर्ड ने ब्रिटिश ब्रांड Morphy Richards (मॉर्फी रिचर्ड्स) के इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स को खरीदने की मंजूरी दे दी है।
बजाज इलेक्ट्रिकल्स ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसने Morphy Richards ब्रांड्स को खरीदने के लिए आयरलैंड की Glen Electric के साथ समझौता किया है। यह डील 146 करोड़ रुपये में हुई है। बता दें कि ग्लेन इलेक्ट्रिक के पास ही मॉर्फी रिचर्ड्स का मालिकाना हक है।
डील में क्या है शामिल?
डील के मुताबिक, बजाज इलेक्ट्रिकल्स भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, मालदीव और श्रीलंका में मॉर्फी रिचर्ड्स ब्रांड के टेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स का अधिग्रहण करेगी। इसका मतलब है कि बजार इलेक्ट्रिकल्स को इन देशों में इस प्रीमियम ब्रांड पर पूरा नियंत्रण मिल जाएगा। यह लेन-देन अंतिम समझौतों और नियामक मंजूरी के अधीन है।
बता दें कि बजाज इलेक्ट्रिकल्स अप्रैल 2002 से ही भारत में Morphy Richards के उत्पाद बेच रही है। इस ब्रांड को प्रीमियम होम अप्लायंसेज कैटेगरी में रखा जाता है। हालांकि अब इस समझौके के बाद बजाज इलेक्ट्रिकल्स का इस ब्रांड पर पूरा नियंत्रण हो जाएगा।
Morphy Richards का पोर्टफोलियो
मॉर्फी रिचर्ड्स लगभग 90 साल पुराना कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और होम एप्लायंसेज ब्रांड है, जो 26 देशों में काम करता है। मॉर्फी रिचर्ड्स मुख्य रूप से किचन एप्लायंसेज जैसे मिक्सर ग्राइंडर, टोस्टर, कॉफी मेकर और माइक्रोवेव ओवन के साथ-साथ हीटिंग प्रोडक्ट्स और होम कम्फर्ट सॉल्यूशंस उपलब्ध कराता है। इसका फोकस इनोवेशन और स्टाइलिश डिजाइनों पर होता है। इससे यह घरेलू उपभोक्ताओं को आधुनिक और सुविधाजनक प्रोडक्ट्स प्रदान करता है।
बजाज इलेक्ट्रिकल्स के बिजनेस पर असर
बजाज ग्रुप की बजाज इलेक्ट्रिकल्स के लिए यह अधिग्रहण उसके कंज्यूमर प्रोडक्ट्स सेक्टर को मजबूत करेगा। इस सेक्टर में पहले से एप्लायंसेज, पंखे, लाइटिंग और Nirlep Appliances के तहत नॉन-स्टिक कुकवेयर शामिल हैं। साथ ही, कंपनी का EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) बिजनेस भी है।
यह कदम मॉर्फी रिचर्ड्स की भारत के बढ़ते अप्लायंसेज मार्केट में अपनी स्थिति मजबूत करने और Morphy Richards की प्रतिष्ठा का साउथ एशिया में फायदा उठाने की मंशा को दिखाता है।
बजाज इलेक्ट्रिकल्स के शेयर
सबह 10.30 बजे के करीब, बजाज इलेक्ट्रिकल्स के शेयर एनएसई पर 10.08 फीसदी की तेजी के साथ 635.30 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इस साल अब तक इसके शेयरों में 17 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप करीब 7,330 करोड़ रुपये है।
यह भी पढ़ें- Stocks To Buy: 52% तक चढ़ सकता है यह रियल्टी शेयर, मोतीलाल ओसवाल ने दी ‘Buy’ रेटिंग
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।Tags: #share marketsFirst Published: Sep 24, 2025 10:51 AMहिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।