News Image
Money Control

Bharti Hexacom या Airtel, किसमें लगाएं पैसे? CLSA के अपग्रेड पर 4% उछल पड़ा भारती हेग्जाकॉम

Published on 19/03/2026 03:09 PM

Bharti Hexacom vs Airtel: कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी भारती हेग्जाकॉम के शेयरों ने धमाल मचा दिया। बिकवाली के माहौल में यह भी शुरुआती कारोबार में टूट गया था लेकिन इस गिरावट का निवेशकों ने फायदा उठाया। निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी में यह इंट्रा-डे के निचले स्तर से करीब 4% उछल गया। इसके शेयरों की चमक ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए के रुझान ने बढ़ाई जिसने इसकी रेटिंग को अपग्रेड कर दिया है। इससे शेयरों को सपोर्ट मिला और उछल पड़ा। फिलहाल बीएसई पर यह 1.31% की बढ़त के साथ ₹1614.70 (Bharti Hexacom Share Price) पर है लेकिन इंट्रा-डे में यह 1.45% चढ़कर ₹1616.95 तक पहुंच गया था जोकि आज के इंट्रा-डे के निचले स्तर ₹1556.25 से 3.90% अपसाइड है। हालांकि अपग्रेड के बावजूद भारती हेग्जाकॉम की तुलना में भारती एयरटेल सीएलएसए को अधिक पसंद है।

Bharti Hexacom की तुलना में CLSA को Airtel अधिक क्यों पसंद?

ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने भारती हेग्जाकॉम की रेटिंग को अंडरपरफॉर्म से अपग्रेड कर होल्ड कर दिया है और टारगेट प्राइस ₹1,510 पर फिक्स किया है। वैसे ध्यान दें कि भारती हेग्जाकॉम पर सीएलएसए थोड़ा बुलिश हुआ है लेकिन अभी भी इसकी पसंद ग्रोथ की मजबूत संभावनाओं को देखते हुए भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ही है।

ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि भारती हेग्जाकॉम सिर्फ दो मार्केट में ही काम करती है और मोबाइल सर्विसेज पर इसकी अधिक निर्भरता है जिससे एयरटेल की तुलना में इसके ग्रोथ की संभावनाएं सीमित हो जाती हैं। साथ ही दिसंबर 2025 तिमाही में भारती हेग्जाकॉम की ग्रोथ भारती एयरटेल से कम रही जिससे सतर्क रुख और मजबूत हुआ। इसके अलावा ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि शेयर प्रीमियम वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहा है, जिससे अपग्रेड के बावजूद इसमें तेजी की संभावना सीमित हो जाती है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

भारती हेग्जाकॉम के शेयरों ने पिछले साल कम समय में ही निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई थी। पिछले साल 7 अप्रैल 2025 को बीएसई पर यह ₹1225.00 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर था। इस निचले स्तर से तीन ही महीने में यह 67.43% उछलकर ₹2051.00 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक इसे कवर करने वाले 13 एनालिस्ट्स में 8 ने खरीदारी की रेटिंग दी है तो तीन ने होल्ड और दो ने सेल रेटिंग दी है।

Nifty के छह स्टॉक्स में 9% तक की गिरावट, आए एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर, आपको लगा झटका?

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।