Published on 05/03/2026 11:01 AM
BSE shares: शेयर बाजार में गुरुवार को BSE लिमिटेड के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में 4 प्रतिशत तक उछल गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने एक्सचेंज को दो नए इंडेक्स पर डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट शुरू करने की मंजूरी दे दी है। ये दो नए इंडेक्स होंगे- BSE सेंसेक्स नेक्स्ट 30 और BSE फोक्स्ड मिडकैप इंडेक्स।
इस मंजूरी के बाद BSE के डेरिवेटिव्स इंडेक्स की संख्या 2 से बढ़कर 4 हो जाएगी। अभी तक बीएसई के पास पर सिर्फ Sensex और Bankex पर ही डेरिवेटिव्स उपलब्ध थे। इसके मुकाबले नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में पांच इंडेक्स डेरिवेटिव उपलब्ध हैं।
सुबह 10:05 बजे के करीब, BSE के शेयर करीब 3.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,716 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था।
क्या है Sensex Next 30 इंडेक्स
BSE सेंसेक्स नेक्स्ट 30 इंडेक्स में उन कंपनियों को शामिल किया जाता है जो बीएसई-100 की सबसे बड़ी और सबसे अधिक लिक्विड कंपनियों में आती हैं, लेकिन वे सेंसेक्स-30 इंडेक्स का हिस्सा नहीं होतीं। यह इंडेक्स मूल रूप से सेंसेक्स के बाद आने वाली बड़ी कंपनियों के प्रदर्शन को ट्रैक करता है और निवेशकों को नए ट्रेडिंग अवसर मुहैया करता है।
वहीं BSE फोक्स्ड मिडकैप इंडेक्स, BSE के मिडकैप सेगमेंट की फ्री-फ्लोट मार्केट कैप के आधार पर टॉप 20 कंपनियों को ट्रैक करता है।
डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की खासियत
BSE ने बुधवार को एक बयान में बताया कि इन इंडेक्स पर कैश-सेटल्ड मंथली इंडेक्स फ्यूचर्स और मंथली इंडेक्स ऑप्शंस कॉन्ट्रैक्ट उपलब्ध कराए जाएंगे। इन कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी हर महीने के आखिरी गुरुवार को होगी। हालांकि एक्सचेंज ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन दोनों इंडेक्सों पर फ्यूचर्स और ऑप्शंस कॉन्ट्रैक्ट्स की शुरुआत कब से होगी।
डेरिवेटिव सेगमेंट में विस्तार
फिलहाल BSE अपने बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स पर वीकली और मंथली दोनों तरह के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट मुहैया करता है। इसके अलावा सेंसेक्स-50 और Bankex इंडेक्स पर भी मंथली एक्सपायरी वाले डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट उपलब्ध हैं।
पिछले साल एक्सचेंज ने अपने सभी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी डेट को मंगलवार से बदलकर गुरुवार कर दिया था, जबकि नेशलन स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने मंगलवार का स्लॉट अपने पास रखा।
कैपिटल मार्केट शेयरों में भी तेजी
कैपिटल मार्केट से जुड़े शेयरों में भी आज 4 मार्च मजबूती देखी गई। निफ्टी कैपिटल मार्केट इंडेक्स लगभग 1.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। इस इंडेक्स में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) और केफिन टेक्नोलॉजीज के शेयर क्रमशः करीब 2.5 प्रतिशत और 2.3 प्रतिशत तक चढ़ गए।
यह भी पढ़ें- Stocks to Buy: चौतरफा गिरावट के बीच JP मॉर्गन ने इन 2 शेयरों पर जताया भरोसा, मिल सकता है 35% तक रिटर्न
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।