Published on 01/02/2026 12:26 PM
Budget 2026: यूनियन बजट 2026-27 में पर्यटन सेक्टर को लेकर किए गए बड़े ऐलानों का असर शेयर बाजार में भी दिखा। ट्रैवल और टूरिज्म सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त खरादीरी देखने को मिली। ईजी ट्रिप प्लानर्स (Easy Trip Planners) के शेयर कारोबार के दौरान 10 प्रतिशत तक उछल गए। टूरिज्म से जुड़े दूसरे शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार 1 फरवरी को संसद में बजट पेश करते हुए बताया कि सरकार देश के 15 पुरातात्विक स्थलों को जीवंत सांस्कृतिक पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित करेगी। इनमें सारनाथ और हस्तिनापुर जैसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल शामिल हैं।
इसके अलावा, देशभर में आध्यात्मिक और विरासत महत्व वाले सभी स्थानों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा, ताकि संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से स्थानीय रोजगार, होटल इंडस्ट्री और ट्रैवल सर्विस प्रोवाइडर्स को सीधा फायदा होगा।
पहाड़ी राज्यों के लिए माउंटेन ट्रेन का ऐलान
बजट में एक और अहम घोषणा माउंटेन ट्रेन सेवाओं को लेकर की गई। सरकार ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू एंड कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने की योजना पेश की। इसका मकसद कनेक्टिविटी बेहतर करना और हिल टूरिज्म को नई ऊंचाई देना है।
शेयर बाजार में दिखा बजट का असर
बजट के इन ऐलानों का असर शेयर बाजार में साफ नजर आया। सुबह 11:45 बजे तक टूरिज्म और ट्रैवल से जुड़े शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के दौरान ईजमायट्रिप की पैरेंट कंपनी ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयर 10 प्रतिशत तक उछल गए। वहीं IRCTC के शेयर 1.7%, TBO Tek के शेयर 1.9% और BLS इंटरनेशनल के शेयर 2.8% की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि घरेलू पर्यटन पर लंबे समय के लिए स्पष्ट नीति संकेत मिलने से सेक्टर की ग्रोथ विजिबिलिटी मजबूत हुई है, जिसका सीधा असर इन कंपनियों के शेयरों पर पड़ा।
मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा
पर्यटन सेक्टर के लिए एक और अहम घोषणा मेडिकल टूरिज्म हब्स की स्थापना को लेकर की गई। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार समर्पित मेडिकल टूरिज्म केंद्र विकसित करेगी, जिससे भारत को ग्लोबल हेल्थकेयर डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत किया जा सके। इस ऐलान से Global Health (मेदांता की पैरेंट कंपनी) जैसी हॉस्पिटल चेन को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Budget 2026: बजट में 'बायोफार्मा' सेक्टर को मिले ₹10,000 करोड़; Biocon समेत इन शेयरों की लगी लॉटरी
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।