Published on 27/03/2026 03:14 PM
ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर (OFSS) के शेयरों में 27 मार्च को दिन में 7 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 7057.65 रुपये के हाई तक गया। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि उसने संयुक्त राज्य अमेरिका में अपने एक मौजूदा वैश्विक बैंकिंग क्लाइंट के साथ स्थायी सॉफ्टवेयर लाइसेंसिंग डील के लिए डेफिनिटिव एग्रीमेंट किया है। यह डील लगभग 10 करोड़ डॉलर की है। भारतीय करेंसी में यह आंकड़ा 940 करोड़ रुपये होता है।
इस डील से कंपनी को भविष्य में अच्छा रेवेन्यू हासिल होने की उम्मीद है। डील के तहत OFSS अपने इस ग्राहक को कुछ सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट्स हमेशा के लिए इस्तेमाल करने का लाइसेंस देगी। इसके साथ ही कंपनी कुछ ट्रांजिशन सेवाएं, स्टाफ और उससे जुड़ी अन्य सुविधाएं भी देगी। नई डील होने के बाद ग्राहक के साथ पहले से मौजूद सॉफ्टवेयर लाइसेंस, प्रोफेशनल सर्विसेज और सपोर्ट से जुड़े सभी पुराने समझौते खत्म हो जाएंगे और उनकी जगह यह नई डील ले लेगी।
एक्सचेंज फाइलिंग में OFSS ने यह भी कहा कि अगर पहले से तय सभी शर्तें पूरी होती हैं तो प्रस्तावित लेन-देन के 29 मई, 2026 को या उससे पहले पूरे होने की उम्मीद है। लेन-देन पूरा होने पर, ग्राहक को ट्रांजिशन सेवाएं लगभग 6 से 9 महीनों की अवधि के लिए आपसी सहमति से तय शर्तों पर दिए जाने की उम्मीद है।
OFSS का शेयर 6 महीनों में 18 प्रतिशत गिरा
ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर का मार्केट कैप 60000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर पिछले 6 महीनों में 18 प्रतिशत नीचे आया है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 9,948 रुपये और एडजस्टेड लो 6,232.20 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है।
अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,452.70 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 613.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान स्टैंडअलोन रेवेन्यू 5,099.10 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 3,350.70 करोड़ रुपये रहा।
Stock Markets के लिए ब्लैक फ्राइडे, सेंसेक्स 1600 अंक फिसला, निफ्टी 23000 के नीचे; इन 7 कारणों से गिरावट
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।