News Image
Money Control

CKK Retail Mart IPO Listing: ₹163 के शेयरों से नहीं मिला कोई लिस्टिंग गेन, नई खरीदारी से पहले चेक करें कारोबारी डिटेल्स

Published on 06/02/2026 10:03 AM

CKK Retail Mart IPO Listing: चावल-दाल से लेकर मिल्क पाउडर बेचने वाली सीकेके रिटेल के शेयरों की आज NSE SME प्लेटफॉर्म पर फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.63 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹163 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹163 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹164.00 (CKK Retail Mart Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 0.61% मुनाफे में हैं।

CKK Retail Mart IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

सीकेके रिटेल मार्ट का ₹88 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 30 जनवरी से 3 फरवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.63 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.12 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.52 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.12 गुना भरा था।

इस आईपीओ के तहत ₹71 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 54 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹10.20 करोड़ लीजहोल्ड प्लॉट हासिल करने और इस पर वेयरहाउस बनाने, ₹1.90 करोड़ मौजूदा वेयरहाउसेज पर रिपेयरिंग और रिफर्बिशमेंट, ₹43.00 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

CKK Retail Mart के बारे में

वर्ष 2005 में बनी सीकेके रिटेल मार्ट चीनी, चावल, दाल, घी जैसी एग्री-कमोडिटीज के पैकेट के डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस में है। इसके अलावा यह दूध पाउडर और सॉफ्ट ड्रिंक्स भी बेचती है। इसके एग्रो प्रोडक्ट्स Braunz और Jivanam ब्रांड के तहत बिक्री होती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹4.51 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹12.67 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹16.36 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 65% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹301.85 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹8.59 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹159.93 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस में ₹36.16 करोड़ पड़े थे।

देश का पहला यूनिकॉर्न स्टार्टअप InMobi ला सकता है $50 करोड़ से ज्यादा का IPO

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।