News Image
Money Control

Dubai Stock Markets: जंग के बीच दुबई के शेयर बाजार ने टेके घुटने! एक महीने में 21% टूटा, ‘बेयर जोन’ में पहुंचा

Published on 16/03/2026 03:35 PM

Dubai Stock Markets: मिडिल ईस्ट में जारी जंग का असर अब खाड़ी देशों के शेयर बाजारों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच दुबई का शेयर बाजार तेज गिरावट के साथ 'बेयर मार्केट' में पहुंच गया है। दुबई फाइनेंशियल मार्केट जनरल इंडेक्स में आज 16 मार्च को करीब 3.2 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट के साथ ही यह इंडेक्स अब अपने हाई से लगभग 21 प्रतिशत नीचे आ गया है।

आम तौर पर जब कोई इंडेक्स अपने शिखर से 20 प्रतिशत या उससे अधिक टूट जाता है तो उसे बेयर मार्केट माना जाता है।

युद्ध से कई इंडस्ट्रीज पर पड़ा असर

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने एनर्जी, शिपिंग, रियल एस्टेट और पर्यटन समेत कई इंडस्ट्रीज को प्रभावित किया है। अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर हमले किए जाने के बाद, ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कई खाड़ी देशों के शहरों को निशाना बनाया। इससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है।

इस जंग के कारण पूरे मिडिल ईस्ट में यात्रा प्रभावित हुई है और समुद्री मार्गों पर खतरा बढ़ने से तेल की कीमतों में भी तेजी आई है। युद्ध अब तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है और इससे दुबई की उस छवि को भी चुनौती मिल रही है जिसे लंबे समय से एक सुरक्षित और तेजी से बढ़ते इकोनॉमिक हब के रूप में विकसित किया गया था।

रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट

लड़ाई शुरू होने के बाद से दुबई की रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई है। Emaar Properties के शेयर करीब 34 प्रतिशत गिर चुके हैं। वहीं Emaar Development के शेयरों में लगभग 35 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

हालांकि युद्ध शुरू होने से पहले दुबई का शेयर बाजार मजबूत तेजी के दौर से गुजर रहा था। पिछले लगभग छह सालों में यह बाजार करीब 300 प्रतिशत तक चढ़ा था। इस तेजी के पीछे कंज्म्प्शन में बढ़ोतरी, पर्यटन में उछाल, रियल एस्टेट बूम और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर का विस्तार प्रमुख कारण रहे थे।

एक्सपर्ट्स की राय

कामको इन्वेस्टमेंट कंपनी के रिसर्च और स्ट्रैटेजी हेड, जुनैद अंसारी का कहना है कि बाजार में इस गिरावट की पहले से उम्मीद थी और लगभग सभी सेक्टरों में चौतरफा बिकवाली देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह गिरावट मुख्य रूप से इलाके की भू-राजनीतिक स्थिति को दिखाती है। हालांकि उनका मानना है कि जब हालात सामान्य होंगे तो निवेशकों के लिए निचले स्तरों पर खरीदारी के अच्छे अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

हवाई सेवाओं पर भी असर

इस बीच दुबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हालात सामान्य नहीं हैं। सोमवार को एमिरेट्स एयरलाइन ने सीमित संख्या में उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कीं, क्योंकि एक ड्रोन घटना के कारण उसे कुछ समय के लिए अपने उड़ानों को रोकना पड़ा था। इसके अलावा एयरपोर्ट्स के पास पिछले सप्ताह दो ड्रोन गिरे थे, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाओं के कारण दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विमान लंबे समय तक चक्कर लगाने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे उड़ानों में देरी और यात्रा समय बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें- Market Mayhem : दो महीने में 34 लाख करोड़ रुपए का मार्केट कैप साफ, ईरान के घमासान में बाजार अभी और होगा लहूलुहान!

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।