News Image
Money Control

Emami Q3 Results: नवरत्न तेल-बोरोप्लस बनाने वाली कंपनी के दमदार नतीजे, 7% तक चढ़ा स्टॉक; डिविडेंड का भी ऐलान

Published on 04/02/2026 03:34 PM

Emami Q3 Results: नवरत्न तेल-बोरोप्लस बनाने वाली दिग्गज FMCG कंपनी Emami Ltd के शेयरों में बुधवार, 4 फरवरी 2026 को जोरदार तेजी देखने को मिली। दिसंबर तिमाही के नतीजे आने के बाद शेयरों में दिन के दौरान करीब 7% तक की बढ़त दर्ज की गई। नतीजों में मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।

तिमाही के दौरान Emami का EBITDA बढ़कर ₹384.2 करोड़ हो गया, जो सालाना आधार पर 13.4% की ग्रोथ है।

वॉल्यूम ग्रोथ से मिला सहारा

दिसंबर तिमाही में Emami की वॉल्यूम ग्रोथ सालाना आधार पर 9% रही। FMCG सेक्टर में वॉल्यूम ग्रोथ को मजबूत डिमांड का संकेत माना जाता है, और यही वजह रही कि बाजार ने नतीजों को सकारात्मक तरीके से लिया।

कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 10% बढ़कर ₹1,151.8 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,049.5 करोड़ था। बेहतर बिक्री और सीजनल डिमांड ने टॉपलाइन को मजबूती दी।

EBITDA और मार्जिन में स्थिरता

EBITDA मार्जिन लगभग स्थिर रहकर 33.4% रहा, जबकि पिछले साल यह 33.3% था। यानी लागत नियंत्रण के साथ कंपनी ने मुनाफे को बनाए रखा।

कंपनी का शुद्ध मुनाफा 14.5% बढ़कर ₹319.5 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹279 करोड़ था। यह बढ़ोतरी ₹10.2 करोड़ के लेबर कोड से जुड़े असर के बावजूद हासिल हुई, जिसे निवेशकों ने एक पॉजिटिव संकेत माना।

सर्दियों के मौसम का बड़ा योगदान

Emami के नतीजों में सीजनलिटी का फायदा साफ दिखा। कंपनी के मुताबिक, सर्दियों का मौसम उसकी कुल बिक्री का करीब 60% हिस्सा देता है, और इसी वजह से दिसंबर तिमाही आमतौर पर कंपनी के लिए मजबूत रहती है।

₹6 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

Emami के बोर्ड ने ₹6 प्रति शेयर डिविडेंड देने की घोषणा की है। इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 10 फरवरी 2026 तय की गई है।

Emami के शेयरों का हाल

नतीजों के बाद Emami के शेयर 2.58% बढ़कर ₹495.50 पर बंद हुए।  इंट्राडे में स्टॉक करीब 7% उछलकर 528 रुपये तक पहुंच गया था। हालांकि, लंबी अवधि की बात करें तो पिछले 12 महीनों में शेयर करीब 13% टूट चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 21.37 हजार करोड़ रुपये है।

Emami का बिजनेस

Emami Ltd का कारोबार FMCG सेक्टर में फैला हुआ है, जहां कंपनी पर्सनल केयर, हेल्थकेयर और ओवर-द-काउंटर प्रोडक्ट्स पर फोकस करती है। Emami का बिजनेस मॉडल मास-मार्केट ब्रांड्स, मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और सीजनल डिमांड पर टिका है, खासकर सर्दियों में।

इसके चर्चित ब्रांड्स में नवरत्न ऑयल, बोरोप्लस, फेयर एंड हैंडसम, एमामी 7 ऑयल्स इन वन, केश किंग, ज़ांडू बाम और हिमानी शामिल हैं। ये प्रोडक्ट्स बालों की देखभाल, स्किन केयर, दर्द निवारण और आयुर्वेदिक हेल्थ सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखते हैं, जिससे कंपनी को स्थिर बिक्री और बेहतर मार्जिन सपोर्ट मिलता है।

Yes Bank के शेयर सुस्त मार्केट में भी तगड़ा ग्रीन, नए एमडी और सीईओ के नाम को RBI की हरी झंडी से निवेशक खुश

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।