Published on 06/08/2025 06:08 PM
Eternal Block Deal: फूड डिलिवरी ब्रांड जोमैटो (Zomato) और क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट (Blinkit) की पेरेंट कंपनी है Eternal Ltd में गुरुवार 7 अगस्त को एक बड़ी ब्लॉक डील होने वाली है। CNBC-आवाज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि चीन के अलीबाबा ग्रुप की Antfin Singapore Holding Pte Ltd इस डील में विक्रेता होगी। वह कंपनी में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच देगी। यह सौदा करीब ₹5,375 करोड़ का होगा।
कितने शेयर और किस कीमत पर
सूत्रों के मुताबिक, Antfin 18.84 करोड़ शेयर बेचेगा, जो कंपनी की कुल इक्विटी का 1.95% है। इस ब्लॉक डील का फ्लोर प्राइस ₹285 प्रति शेयर तय किया गया है। यह बुधवार के बंद भाव ₹300 से करीब 5% कम है। डील का कुल मूल्य लगभग ₹5,375 करोड़ होगा।
यह सौदा क्लीन-आउट ट्रेड होगा यानी Antfin अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचेगी। जून तिमाही की शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार Antfin के पास ठीक इतनी ही हिस्सेदारी थी। इस लेनदेन के लिए मॉर्गन स्टेनली ब्रोकरेज की भूमिका निभाएगा।
Paytm में भी पूरा एग्जिट
यह इस हफ्ते Antfin का दूसरा बड़ा एग्जिट होगा। इससे पहले, अलीबाबा यूनिट ने पेमेंट एग्रीगेटर Paytm की पैरेंट कंपनी One97 Communications में अपनी शेष 5.84% हिस्सेदारी ₹3,980 करोड़ में ओपन मार्केट ट्रांजैक्शंस के जरिए बेच दी थी। इस डील में Antfin (Netherlands) Holding BV ने लगभग 3.73 करोड़ इक्विटी शेयर बड़े सौदों में ऑफलोड किए।
Paytm में Ant Group की हिस्सेदारी 2021 में लिस्टिंग के बाद से लगातार घट रही थी। मार्च 2025 के अंत तक कंपनी के पास लगभग 10% हिस्सेदारी थी और मई 2025 में भी Ant Group ने 2.55 करोड़ शेयर (4% हिस्सेदारी) ₹2,103 करोड़ में बेचे थे।
Eternal का हालिया प्रदर्शन
Eternal ने जुलाई में घोषित जून तिमाही (Q1FY26) के नतीजों में 70% से अधिक सालाना रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की थी। इस दौरान Blinkit का नेट ऑर्डर वैल्यू 127% बढ़कर ₹9,203 करोड़ हो गया, जो पहली बार Zomato के फूड डिलीवरी बिजनेस से अधिक रहा।
इसके चलते ऑपरेशंस से रेवेन्यू ₹4,206 करोड़ से बढ़कर ₹7,167 करोड़ हो गया। हालांकि, Blinkit की ऊंची लागत और खर्चों के कारण कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 90% घटकर ₹25 करोड़ रह गया।
Eternal शेयरों का हाल
Eternal के शेयर बुधवार को 0.7% गिरकर ₹300 पर बंद हुए। स्टॉक पिछले एक महीने में 16% चढ़ा है। वहीं, 6 महीने में Eternal ने 31.00% और 1 साल में 20.46% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 2.71 लाख करोड़ रुपये है।
यह भी पढ़ें : HUDCO Q1 Results: सरकारी कंपनी को ₹630 करोड़ का मुनाफा, NPA में सुधार; फोकस में रहेगा स्टॉकTags: #share marketsFirst Published: Aug 06, 2025 6:08 PMहिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।