News Image
Money Control

Finbud Financial IPO Listing: लिस्ट होते ही अपर सर्किट, ₹142 के शेयरों ने किया मालामाल

Published on 13/11/2025 10:01 AM

Finbud Financial IPO Listing: लोन एग्रीगेशन प्लेटफॉर्म फिनबड फाइनेंशियल के शेयरों की आज NSE SME पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 4 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹142 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹157.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 10.56% का लिस्टिंग गेन (Finbud Financial Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹164.85 (Finbud Financial Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 16.09% मुनाफे में हैं।

Finbud Financial IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

फिनबड फाइनेंशियल का ₹71.68 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 06-10 नवंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 4.43 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 4.33 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 8.38 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.80 गुना भरा था।

इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 50,48,000 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹15.00 करोड़ पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडरी एलटीसीवी क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड में निवेश, ₹17.75 करोड़ बिजनेस डेवलपमेंट और मार्केटिंग एक्टिविटीज , ₹4.03 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹20.90 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Finbud Financial के बारे में

जुलाई 2012 में फिनबड फाइनेंशियल सर्विसेज एक लोन एग्रीगेशन प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए बैंकों और एनबीएफसी से पर्सनल, बिजनेस और होम लोन की सुविधा मिलती है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए कई लेंडर्स के लोन ऑफर्स की तुलना कर सकते हैं और कंपनी बेस्ट लोन प्रोडक्ट भी बताती है। यह लोन के डॉक्यूमेंटेशन का काम संभालती है और जब लोन पास हो जाता है तो इसे लेंडर्स से कमीशन मिलता है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1.83 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹5.66 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹8.50 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 28% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹223.50 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-जुलाई 2025 में कंपनी को ₹3.33 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹85.82 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। जुलाई 2025 के आखिरी में कंपनी का टोटल कर्ज ₹20.48 करोड़ था तो रिजर्व और सरप्लस में ₹25.31 करोड़ पड़े थे।

Tenneco Clean IPO: कैसा है टेनेको क्लीन एयर इंडिया का आईपीओ, क्या आपको इनवेस्ट करना चाहिए?

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।