Published on 16/03/2026 02:25 PM
Fino Payments Bank Shares: फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयरों में आज 16 मार्च को भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान बैंक के शेयर 16 प्रतिशत टूटकर 52-सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए। यह गिरावट उस रिपोर्ट के बाद आई जिसमें कहा गया कि बैंक से जुड़े कुछ ऑनलाइन गेमिंग ट्रांजैक्शन, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के दायरे में आ सकते हैं।
CEO की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी चिंता
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब बैंक ने हाल ही में खुलासा किया था कि उसके मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर, ऋषि गुप्ता को 27 फरवरी को हैदराबाद में GST इंटेलिजेंस के डायरेक्टरेट जनरल ने गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स एक्ट, 2017 और स्टेट गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स एक्ट, 2017 के प्रावधानों के तहत हुई।
बैंक ने दी सफाई
हालांकि शेयरों में गिरावट के बीच बैंक ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उसके खिलाफ किसी भी दूसरी एजेंसी की ओर से जांच नहीं चल रही है। बैंक ने कहा कि फिलहाल जांच केवल DGGI (हैदराबाद) की ओर से की जा रही है और यह जांच कुछ प्रोग्राम मैनेजर और मर्चेंट्स से जुड़ी है।
बैंक ने यह भी कहा कि मीडिया में आई वे खबरें गलत हैं जिनमें कहा गया है कि अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी है।
गेमिंग या बेटिंग से संबंध से इनकार
फिनो पेमेंट्स बैंक ने अपने बयान में साफ किया कि वह किसी भी प्लेटफॉर्म, वेबसाइट या चैनल के जरिए गेमिंग या बेटिंग गतिविधियों को सीधे या परोक्ष रूप से बढ़ावा नहीं देता। बैंक ने यह भी कहा कि कुछ प्रोग्राम मैनेजर और मर्चेंट्स कई बैंकों से जुड़े होते हैं, जिनमें यह बैंक भी शामिल है। इसलिए उनसे जुड़े मामलों को सीधे बैंक की गतिविधियों से जोड़ना सही नहीं है।
PMLA जांच की खबरों को बताया गलत
बैंक ने उन मीडिया रिपोर्टों को भी खारिज किया जिनमें कहा गया था कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत जांच हो सकती है। बैंक के अनुसार ऐसी खबरें तथ्यहीन और अटकलों पर आधारित हैं।
कारोबार में बढ़ोतरी का दावा
इस बीच बैंक ने हाल ही में कहा था कि उसके डिपॉजिट बैलेंस में तेजी आई है। 13 मार्च 2026 तक बैंक के कुल जमा लगभग 9 प्रतिशत बढ़कर करीब 2,900 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं।
बैंक ने यह भी बताया कि 27 फरवरी के बाद से उसके कस्टमर बेस में भी अच्छी ग्रोथ हुई है। इस अवधि में करीब 1.5 लाख नए बैंकिंग खाते खोले गए, यानी औसतन लगभग 10,000 नए खाते प्रतिदिन जोड़े गए। दिसंबर 2025 तक के आंकड़ों के अनुसार फिनो पेमेंट्स बैंक में प्रमोटरों की हिस्सेदारी लगभग 75 प्रतिशत है।
यह भी पढ़ें- ICICI Bank Shares: एक महीने में 12% टूटा शेयर, 52-हफ्ते के लो पर भाव; मार्केट कैप ₹1.2 लाख करोड़ घटा
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।