News Image
Money Control

Ganesh Consumer Products IPO Listing: आटा कंपनी के निवेशकों को मायूसी, शेयर 8% घाटे में लिस्ट

Published on 29/09/2025 10:03 AM

Ganesh Consumer Products Listing: FMCG कंपनी गणेश कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की 29 सितंबर को शेयर बाजार में शुरुआत निराश करने वाली रही। शेयर BSE पर 8.38 प्रतिशत के नुकसान के साथ 295 रुपये और NSE पर 8 प्रतिशत नुकसान के साथ 296.05 रुपये पर लिस्ट हुआ। IPO के लिए प्राइस बैंड 306-322 रुपये प्रति शेयर था।

408.80 करोड़ रुपये का IPO 22-24 सितंबर तक खुला था। यह 2.68 गुना भरकर बंद हुआ। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 4 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 4.41 गुना, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.17 गुना और एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हिस्सा 2.14 गुना सब्सक्राइब हुआ।

क्या करती है Ganesh Consumer Products

गणेश कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का हेडक्वार्टर पश्चिम बंगाल के कोलकाता में है। यह कंपनी पूर्वी भारत में गेहूं के आटा, मैदा, सूजी और दलिया का एक बड़ा ब्रांड है। इसके प्रोडक्ट्स में बेसन, इंस्टैंड फूड मिक्स, ​सिंघाडे का आटा, बाजरे का आटा, मसाले, परंपरागत स्नैक्स भी शामिल हैं। कंपनी के प्रमोटर पुरुषोत्तम दास ​मीमानी, मनीष मीमानी, मधु मीमानी, मनीष मीमानी (HUF) और श्रीवरु एग्रो प्राइवेट लिमिटेड हैं। कंपनी ने IPO से पहले एंकर इनवेस्टर्स से 122.34 करोड़ रुपये जुटाए।

IPO में 130 करोड़ रुपये के 40 लाख नए शेयर जारी हुए। साथ ही 278.80 करोड़ रुपये के 87 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहा। IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज को पूरी तरह से या कुछ हद तक चुकाने के लिए, दार्जिलिंग में भुने हुए चने के आटे और बेसन की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के​ लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर की फंडिंग के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

कंपनी की वित्तीय स्थिति

वित्त वर्ष 2025 में गणेश कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का रेवेन्यू 12 प्रतिशत बढ़कर 855.16 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 765.26 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 35.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2024 में मुनाफा 26.99 करोड़ रुपये था। कंपनी पर वित्त वर्ष 2025 में 50 करोड़ रुपये की उधारी थी।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।