News Image
Money Control

GIFT Nifty: मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीदों से वैश्विक बाजारों में रौनक, 1% तक उछला GIFT Nifty! ब्रेंट क्रूड की कीमतों में बड़ी गिरावट

Published on 25/03/2026 08:24 AM

GIFT Nifty: खाड़ी युद्ध में अमेरिका के सीजफायर के प्रस्ताव की खबरों से शेयर बाजार में रौनक लौटने की उम्मीद है। बुधवार सुबह गिफ्ट निफ्टी करीब 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को कम करने के लिए अमेरिका के 'डिप्लोमैटिक पुश' ने निवेशकों के बीच भरोसा जगाया है, जिससे वैश्विक बाजारों में हरियाली देखने को मिल रही है।

GIFT Nifty और घरेलू बाजार का हाल

आज सुबह 7 बजे के करीब GIFT Nifty 215 अंक या 1% की तेजी के साथ 23,160 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि, इंडेक्स में उतार-चढ़ाव बरकरार है और सुबह 8:15 मिनट पर 141 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। इससे पहले 24 मार्च को भी भारतीय बाजारों में 'रिलीफ रैली' देखी गई थी, जिसमें निफ्टी 400 अंक और सेंसेक्स 1,372 अंकों की भारी बढ़त के साथ बंद हुआ था। यह तेजी तब आई जब राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने का ऐलान किया।

डॉलर और बॉन्ड यील्ड: अमेरिकी डॉलर में 0.3% की गिरावट आई है और 10 साल की ट्रेजरी यील्ड भी घटकर 4.34% रह गई है, जो भारत जैसे उभरते बाजारों के लिए अच्छा संकेत है।

सोना और क्रिप्टोकरेंसी: सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन बढ़त रही और यह $4,570 प्रति औंस के करीब पहुंच गया। वहीं, बिटकॉइन भी चढ़कर $71,000 के स्तर पर पहुंच गया है।

कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट से मिली राहत

मिडिल ईस्ट में युद्ध की तपिश कम होने के संकेतों का सबसे बड़ा असर तेल की कीमतों पर पड़ा है। ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 6.6% की बड़ी गिरावट आई है और यह $97.57 प्रति बैरल पर आ गया है। तेल सस्ता होने से वैश्विक स्तर पर महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद जगी है, जिससे शेयर बाजारों, खासकर एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली है।

ट्रंप ने ईरान को पेश किया 'शांति प्रस्ताव'

बाजार की इस तेजी के पीछे की मुख्य वजह अमेरिका द्वारा ईरान को भेजा गया 15-सूत्रीय शांति प्रस्ताव है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका एक महीने के सीजफायर की कोशिश कर रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान परमाणु हथियार न बनाने पर सहमत हो गया है और वे समझदारी से बात कर रहे हैं। ट्रंप के अनुसार, ईरान ने होर्मुज के रास्ते तेल की आवाजाही को लेकर भी 'पॉजिटिव संकेत' दिए हैं। हालांकि, ईरान ने आधिकारिक तौर पर अब तक इन दावों की पुष्टि नहीं की है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।