Published on 20/02/2026 02:28 PM
GMDC Share Price: गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (GMDC) के शेयरों में आज 20 फरवरी को 3.5% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। यह तेजी इस खबर की बाद आई कि भारत ने अमेरिका की अगुआई वाले रणनीतिक गठबंधन 'पैक्स सिलिका' में शामिल होने के समझौते पर हस्ताक्षर किए है। इस गठबंधन का मकसद जरूरी मिनरल्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए एक मजबूत सप्लाई चेन बनाना है।
सुबह 11 बजे के करीब, GMDC के शेयर 3.5% की बढ़त के साथ 580.7 रुपये के आसपास कारोबार कर रहे थे। वहीं, ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी के शेयर भी करीब 2% चढ़े।
AI इम्पैक्ट समिट में समझौता
भारत ने एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान इस गठबंधन में शामिल होने का समझौता किया। इस समारोह में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और भारत में अमेरिका के दूत सर्जियो गोर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि पैक्स सिलिका “क्षमताओं का गठबंधन” है, जिसका उद्देश्य भविष्य की टेक्नोलॉजी और मिनरल्स सप्लाई को सुरक्षित करना है।
क्या है Pax Silica?
पैक्स सिलिका पहल की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में की गई थी। इसका मकसद महत्वपूर्ण खनिजों, सेमीकंडक्टर और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की सप्लाई चेन को सुरक्षित और टिकाऊ बनाना है। अमेरिका में 12 दिसंबर को आयोजित पैक्स सिलिका समिट में कई देशों ने इस घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। इसके सदस्य देशों में ऑस्ट्रेलिया, ग्रीस, इजराइल, जापान, कतर, साउथ कोरिया, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात और यूनाइटेड किंगडम शामिल हैं।
घोषणा-पत्र में कच्चे माल से लेकर एआई इंफ्रास्ट्रक्चर तक आर्थिक और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की बात कही गई है।
क्यों बढ़ी माइनिंग कंपनियों में दिलचस्पी?
भारत और अमेरिका के बीच रेयर अर्थ मिनरल्स और दूसरे महत्वपूर्ण खनिजों में सहयोग बढ़ने की उम्मीद से माइनिंग कंपनियों को लेकर निवेशकों का उत्साह बढ़ा है। एनालिस्ट्स का मानना है कि इस कदम से महत्वपूर्ण कच्चे माल की लंबी अवधि की मांग को समर्थन मिल सकता है। साथ ही, खनिजों की खोज और प्रोसेसिंग में नीतिगत फोकस भी बढ़ सकता है।
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि एआई और उससे जुड़ी टेक्नोलॉजी, ग्लोबल अर्थव्यवस्था को बदलने वाली ताकत है। ऐसे में ऊर्जा, खनिज, मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग भी तेजी से बढ़ेगी। यह कदम ऐसे समय पर आया है जब भारत और अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Share Market Rise: शेयर बाजार में इन 3 कारणों से तूफानी तेजी, सेंसेक्स 600 अंक उछला, निफ्टी 25,650 के पार
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।