News Image
Money Control

Gold-Silver ETFs: गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में 6% की तेजी, इन 2 वजहों ने पलट दी बाजार की बाजी

Published on 23/02/2026 03:30 PM

Gold-Silver ETFs: गोल्ड और सिल्वर से एक्सचेंज ट्रेडेड फंडों (ETF) में सोमवार 23 फरवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सिल्वर ETF में 6% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। गोल्ड ETF करीब 2% ऊपर रहे। इस तेजी के पीछे दो बड़े कारण रहे। पहला- अंतरराष्ट्रीय बाजार में बुलियन की कीमतों में उछाल। दूसरा- अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ से जुड़े फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके बाद अमेरिकी डॉलर में कमजोरी आई। इससे गोल्ड और सिल्वर जैसी सुरक्षित निवेश यानी सेफ-हेवन एसेट्स में मांग बढ़ी।

सिल्वर ETF में जोरदार उछाल

सिल्वर ETF ने बाजार में बढ़त की अगुवाई की। निप्पॉन इंडिया सिल्वर ETF 6.06% बढ़कर 250.96 रुपये पर पहुंच गया। वहीं टाटा सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड 6.17% चढ़कर 25.46 रुपये पर रहा। SBI सिल्वर ETF भी 6.09% बढ़कर 256.78 रुपये पर कारोबार करता दिखा। वहीं ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ETF 6.05% की तेजी के साथ 261.76 रुपये पर पहुंच गया। चांदी की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेज उछाल का सीधा असर इन ETF पर दिखा।

गोल्ड ETF में सीमित बढ़त

सोने से जुड़े ETF में भी मजबूती रही, हालांकि यह तेजी सिल्वर के मुकाबले कम रही। निप्पॉन इंडिया ETF गोल्ड BeES 2.07% बढ़कर 130.18 रुपये पर पहुंच गया। वहीं टाटा गोल्ड ETF 2.01% चढ़कर 15.24 रुपये पर रहा। SBI गोल्ड ETF 2.05% बढ़कर 134.22 रुपये पर कारोबार करता दिखा। ICICI प्रूडेंशियल गोल्ड ETF 2.03% की तेजी के साथ 134.84 रुपये पर पहुंचा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या हुआ?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 24 कैरेट के लिए करीब 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा। इसमें 1.71% की बढ़त देखी गई। कॉमेक्स (Comex) पर सोना 1.85% चढ़कर 5,175 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।

चांदी में और ज्यादा तेजी रही। MCX पर चांदी 4.7% बढ़कर 2.64 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के ऊपर पहुंच गई। कॉमेक्स पर चांदी 5.16% उछलकर 86.59 डॉलर प्रति औंस पर रही।

एक्सपर्ट्स की राय

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी एनालिस्ट्स मानव मोदी के अनुसार, डॉलर में कमजोरी और टैरिफ फैसले ने सोना-चांदी को तीन हफ्ते के उच्च स्तर तक पहुंचा दिया। हालांकि ट्रंप की ओर से 15% का अस्थायी टैरिफ घोषित किए जाने से अनिश्चितता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- Share Market Rally: शेयर बाजार में इन 5 कारणों से तेजी; सेंसेक्स 600 अंक उछला, निफ्टी 25,750 के पार

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।