News Image
Money Control

GRSE Shares: सरकारी डिफेंस कंपनी के शेयर 5% उछले, जर्मनी की फर्म से मिला ₹540 करोड़ का ऑर्डर

Published on 22/09/2025 03:12 PM

Garden Reach Shipbuilders Shares: गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) के शेयर सोमवार 22 सितंबर को कारोबार शुरु होते ही 5% तक उछल गया। सरकारी डिफेंस कंपनी के शेयरों में यह तेजी दो बड़े ऐलानों के बाद देखने को मिली। इनमें जर्मनी की एक कंपनी से मिला बड़ा ऑर्डर और कई संस्थानों के साथ MoUs पर हुए हस्ताक्षर शामिल हैं।

GRSE ने जर्मनी की कंपनी, कार्स्टन रेहडर शिफ्समाक्लर एंड रीडेरी जीएमबीएच एंड कंपनी (Carsten Rehder Schiffsmakler and Reederei GmbH & Co) के साथ 6.2 करोड़ डॉलर (करीब 540 करोड़ रुपये) का समझौता किया है। इसके तहत कंपनी चार हाइब्रिड मल्टी-पर्पज वेसल्स (MPVs) बनाएगी। साथ ही, कॉन्ट्रैक्ट में दो और वेसल्स बनाने का विकल्प भी रखा गया है।

यह कॉन्ट्रैक्ट 33 से 42 महीनों में पूरा किया जाएगा। यह डील GRSE और कार्स्टन रेहडर के बीच चल रहे 7,500 DWT MPV प्रोजेक्ट का विस्तार है, जो फिलहाल कोलकाता में निर्माणाधीन है। कंपनी के मुताबिक, ये ऑर्डर उसके ग्रीन और कमर्शियल शिपबिल्डिंग सेक्टर में ग्लोबल विस्तार को दर्शाते हैं।

GRSE ने बताया कि इन हाइब्रिड मल्टी-पर्पज वेसल्स (MPVs) की लंबाई 120 मीटर और चौड़ाई 17 मीटर होगी। अधिकतम ड्राफ्ट 6.75 मीटर होगा। ये जहाज एक बड़े होल्ड में 7,500 मीट्रिक टन कार्गो ले जाने में सक्षम होंगे। इनकी डिजाइन खासतौर पर बड़े विंडमिल ब्लेड्स को डेक पर ले जाने के लिए तैयार की जाएगी

GRSE ने MPV प्रोग्राम की शुरुआत जून 2024 में चार वेसल्स के कॉन्ट्रैक्ट से की थी। इसके बाद सितंबर 2024, दिसंबर 2024 और मार्च 2025 में कंपनी को और ऑर्डर मिले, जिससे इनकी कुल संख्या बढ़कर आठ वेसल्स तक पहुंच गई। 17 अप्रैल 2025 को CORAL 7500 DWT MPV सीरीज के लिए स्टील कटिंग शुरू की गई थी, जिससे इस प्रोजेक्ट का आधिकारिक रूप से निर्माण कार्य शुरू हुआ।

पांच समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर भी हस्ताक्षर

GRSE ने अलग से पांच संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन (MoUs) पर भी हस्ताक्षर किए हैं। इनमें कांडला की दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी, कोलकाता की श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट अथॉरिटी, इंडियन पोर्ट रेल एंड रोपवे कॉरपोरेशन लिमिटेड, शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया और मॉडेस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं।

इन MoUs का उद्देश्य ग्रीन वेसल्स, शिप रिपेयर, पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, जेटी और बर्थ डेवलपमेंट, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, रेल और रोपवे इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में मिलकर प्रोजेक्ट्स विकसित करना है।

शेयर का प्रदर्शन

GRSE के शेयर आज कारोबार के दौरान 5% तक उछलकर 2,760 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में करीब 62.5 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- Netweb Tech Shares: चार दिन में 21% उछला यह आईटी शेयर, बनाया नया रिकॉर्ड हाई, जानें कारण

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।Tags: #share marketsFirst Published: Sep 22, 2025 3:10 PMहिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।