Published on 25/03/2026 05:28 PM
HDFC Bank News: आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक की बोर्ड मीटिंग में तत्कालीन चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती और एग्जिक्यूटिव मैनेजमेंट के बीच हुई कहासुनी के मामले के बारे में सवाल पूछे हैं। इस कहासुनी के बाद अतनु चक्रवर्ती ने इस्तीफा दे दिया था। बताया जाता है कि बैंक के एमडी और सीईओ शशिधर जगदीशन की अगुवाई वाले एग्जिक्यूटिव मैनेजमेंट क साथ बोर्ड की बैठक में वाद-विवाद हुआ था। यह बैठक 17-18 मार्च को हुई थी।
NRC की मीटिंग के बारे में भी मांगी जानकारी
सूत्रों ने बताया कि RBI ने एचडीएफसी बैंक से मीटिंग के मिनट्स पेश करने को कहा है। साथ ही उसने बोर्ड मीटिंग की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी मांगी है। केंद्रीय बैंक इंफॉर्मेशन एंड रिम्यूनरेशन कमेटी (NRC) की बैठक के बारे में भी जानकारी मांगी है। यह बैठक 17 मार्च को हुई थी। एनआरसी की मीटिंग में मतभेद बढ़ने के बाद चक्रवर्ती ने इस्तीफा दे दिया।
चक्रवर्ती ने की थी आरबीआई अफसरों से मुलाकात
आरबीआई दरअसल बोर्ड की मीटिंग के बारे में जानकारी हासिल कर यह जानना चाहता है कि इस हफ्ते की शुरुआत में चक्रवर्ती की तरफ से दी गई खास जानकारियां कितनी सही हैं। बताया जाता है कि चक्रवर्ती ने इस हफ्ते की शुरुआत में आरबीआई के अधिकारियों से मुलाकात की थी।
केंद्रीय बैंक जरूरत पड़ने पर बोर्ड के मिनट्स मांगता है
एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, "आरबीआई का बोर्ड की मीटिंग के मिनट्स और दूसरी जानकारियां मांगना सामान्य बात है। जब उसे जरूरी लगता है वह इस तरह की जानकारियां मांगता है। चूंकि इस मामले में बोर्ड की मीटिंग के एक हफ्ते बाद केंद्रीय बैंक ने जानकारियां मांगी हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि आरबीआई मामले से जुड़े दोनों पक्षों-खासकर चक्रवर्ती और बैंक का रुख जानना चाहता है।"
बोर्ड के मिनट्स पेश करने के लिए 14 दिन का समय मिलता है
आम तौर पर कंपनियों को बोर्ड मीटिंग्स के मिनट तैयार करने के लिए 14 दिनों का समय दिया जाता है। यह अभी पता नहीं है कि आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक को जानकारियां देने के लिए समय दिया है या जानकारी तुरंत पेश करने को कहा है। इस बारे में एचडीएफसी बैंक और आरबीआई को भेजे गए सवालों के जवाब नहीं मिले।
आरबीआई ने इस वजह से मांगी है जानकारी
एक दूसरे सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि आरबीआई के जानकारी मांग मांगने की एक वजह यह हो सकती है कि चक्रवर्ती ने जो बातें आरबीआई को बताई हैं, वे बोर्ड की मीटिंग में पर्याप्त रूप से शामिल नहीं हुई होंगी या वे उनकी सोच की पुष्टि नहीं करती होंगी।
यह भी पढ़ें: Stock to Buy: ये लॉजिस्टिक्स स्टॉक दे सकता 40% रिटर्न, 23 में 19 एनालिस्ट ने दी खरीदने की सलाह
एचडीएफसी बैंक के शेयरों में रिकवरी
चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तेज गिरावट आई थी। हालांकि, उसके बाद शेयरों में रिकवरी दिखी है। 24 मार्च को बैंक का शेयर तेजी के साथ बंद हुआ। 25 मार्च को भी बैंक का शेयर 1.99 फीसदी चढ़कर 780.10 रुपये पर बंद हुआ।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।