Published on 19/03/2026 01:00 PM
HDFC Bank News: आरबीआई ने कहा है कि एचडीएफसी बैंक के कंडक्ट या गवर्नेंस को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं है। केंद्रीय बैंक का यह बयान एचडीएफसी बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद आया है। चक्रवर्ती ने 18 मार्च को नैतिकता के मसले पर मतभेद का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया।
RBI वे एचडीएफसी बैंक के मसले पर दिया बयान
RBI ने एचडीएफसी बैंक के घटनाक्रम पर 19 मार्च को कहा कि बैंक के पास पर्याप्त पूंजी है। केंद्रीय बैंक ने कहा, "आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक में हालिया डेवलपमेंट को देखा है। बैंक ने पार्ट-टाइम चेयरमैन की पोजीशन के मामले में ट्रांजिशन अरैंजमेंट के लिए एप्रूवल मांगा था, जिसे दे दिया गया है।"
बैंक के पास पर्याप्त पूंजी और फाइनेंशियल पोजीशन संतोषप्रद
केंद्रीय बैंक ने बयान में यह भी कहा, "एचडीएफसी बैंक डोमेस्टिक सिस्टमैटिकली इंपॉर्टेंट बैंक (D-SIB) है जिसकी वित्तीय स्थिति मजबूत है। इसका प्रोफेशन बोर्ड है और योग्य मैनेजमेंट टीम है। हमारे पीरियोडिकल एसेसमेंट के आधार पर बैंक के कंडक्ट या गवर्नेंस को लेकर ऑन रिकॉर्ड किसी तरह का मैटेरियल कनसर्न नहीं है। बैंक के पास पर्याप्त पूंजी है और पर्याप्त लिक्विडिटी के साथ बैंक की फाइनेंशियल पोजीशन संतोषप्रद है।" आरबीआई ने यह भी कहा कि केंद्रीय बैंक आगे एचडीएफसी बैंक के बोर्ड और मैनेजमेंट से संपर्क बनाए रखेगा।
एचडीएफसी बैंक ने अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे की दी जानकारी
HDFC Bank ने 18 मार्च को बताया कि उसके पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने 'वैल्यू और नैतिकता' के मसले पर मतभेद को लेकर इस्तीफा दे दिया है। उसने केकी मिस्त्री को अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त करने का भी ऐलान किया। चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे के पत्र में कहा था कि मैंने पिछले दो सालों में देखा है कि बैंक में कुछ घटनाएं और प्रैक्टिसेज मेरे व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता से मेल नहीं खाती हैं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में ज्यादा नहीं बताया। उनसे तुरंत संपर्क नहीं हो सका।
19 मार्च को शुरुआती कारोबार में शेयरों में बड़ी गिरावट
अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे का एचडीएफसी बैंक के शेयरों पर 19 मार्च को असर दिखा। शुरुआती कारोबार में बैंक का शेयर 9 फीसदी तक गिरा गया था। हालांकि, बाद में शेयर काफी हद तक संभलने में सफल रहा। 12:21 बजे शेयर 3.49 फीसदी गिरकर 813 रुपये पर चल रहा था।
यह भी पढ़ें: HDFC Bank News: अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद केकी मिस्त्री का बड़ा बयान, कहा-बैंक के साथ कोई बड़ा मसला नहीं
आरबीआई के बयान के बाद शेयरों में रिकवरी
एचडीएफसी बैंक के घटनाक्रम पर आरबीआई के बयान के बाद निवेशकों और एनालिस्ट्स की चिंता दूर होने की उम्मीद है। एचडीएफसी बैंक देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक है। अतनु चक्रवर्ती को अप्रैल 2021 में बैंक का पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया गया था। शुरुआत में उनकी नियुक्ति तीन साल के लिए हुई थी। मई 2024 में दोबारा उनकी नियुक्ति तीन साल के लिए हुई, जिसकी समयसीमा 4 मई, 2027 को खत्म होने वाली थी।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।