Published on 16/03/2026 10:39 AM
OMC Stocks: सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में सोमवार 16 मार्च को गिरावट देखने को मिला। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (HPCL) और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) के शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 5 प्रतिशत तक गिर गए। यह गिरावट ब्रोकरेज फर्म HSBC की एक रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें उसने इन शेयरों की रेटिंग घटा दी है।
HSBC ने इन तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की रेटिंग को घटाकर अब “होल्ड” कर दिया है। साथ ही इनके अर्निंग्स अनुमान और वैल्यूएशन मल्टीपल भी कम कर दिए हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें इन कंपनियों की कमाई पर दबाव डाल सकती हैं।
टारगेट प्राइस में भी बड़ी कटौती
HSBC ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की रेटिंग घटाकर होल्ड कर दी और इसका टारगेट प्राइस 200 रुपये से घटाकर 150 रुपये कर दिया है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (HPCL) के लिए भी रेटिंग होल्ड कर दी गई है और इसका टारगेट प्राइस 620 रुपये से घटाकर 360 रुपये कर दिया गया। इसी तरह भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) के लिए लक्ष्य मूल्य 470 रुपये से घटाकर 340 रुपये कर दिया गया है।
ब्रोकरेज का कहना है कि अगर कच्चे तेल की औसत कीमत लगभग 75 डॉलर प्रति बैरल के आसपास भी रहती है, तब भी इन कंपनियों को मार्केटिंग से नुकसान उठाना पड़ सकता है, जिससे उनकी कमाई प्रभावित हो सकती है।
ONGC पर अलग रुख
वहीं दूसरी ओर ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) के शेयर को लेकर HSBC का रुख अलग है। ब्रोकरेज ने इस स्टॉक पर अपनी “रिड्यूस” रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन टारगेट प्राइस 200 रुपये से बढ़ाकर 240 रुपये कर दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से ONGC जैसी अपस्ट्रीम कंपनियों को फायदा मिल सकता है। हालांकि सरकारी नीतियों से जुड़े जोखिम उनकी अतिरिक्त कमाई को सीमित कर सकते हैं।
बाकी एनालिस्ट्स की राय
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, HPCL को कवर करने वाले 34 एनालिस्ट्स में से 23 ने इस स्टॉक पर “बाय” की सिफारिश दी है।
इसी तरह IOC को कवर करने वाले 34 एनालिस्ट्स में से 20 ने “बाय” रेटिंग दी है। वहीं BPCL को कवर करने वाले 33 एनालिस्ट्स में से 24 एनालिस्ट्स ने खरीदारी की सलाह दी है।
शेयरों की चाल
सुबह 10.30 बजे के करीब, सोमवार के कारोबार में हिंदुस्तान पेट्रोलियम का शेयर लगभग 4.73 प्रतिशत गिरकर करीब 351.30 के आसपास कारोबार करता दिखा। BPCL का शेयर करीब 2.90 प्रतिशत गिरकर लगभग 310.05 रुपये के स्तर पर रहा। जबकि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन का शेयर करीब 4.85 प्रतिशत गिरकर 148.95 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
साल 2026 की शुरुआत से अब तक इन तीनों तेल कंपनियों के शेयरों में 10 प्रतिशत से लेकर 29 प्रतिशत तक की गिरावट आ चुकी है।
यह भी पढ़ें- नोमुरा ने 15% घटाया निफ्टी का टारगेट, कहा- अभी और गिर सकता है शेयर बाजार
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।