News Image
Money Control

ICICI Bank Shares: एक महीने में 12% टूटा शेयर, 52-हफ्ते के लो पर भाव; मार्केट कैप ₹1.2 लाख करोड़ घटा

Published on 16/03/2026 01:22 PM

ICICI Bank Shares: आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में आज 16 मार्च को लगातार चौथे दिन गिरावट जारी रही। कारोबार के दौरान बैंक का शेयर अपने 52-हफ्ते के निचले स्तर 1,240.75 रुपये तक गिर गया। इस दौरान बीएसई पर शेयर करीब 1 प्रतिशत नीचे कारोबार करता दिखा। पिछले चार दिनों में ICICI बैंक का शेयर लगभग 5.4 प्रतिशत टूट चुका है।

एक महीने में 12% की गिरावट

हालिया बाजार गिरावट के दौरान पिछले एक महीने में ICICI बैंक के शेयर में लगभग 12 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह गिरावट मुख्य रूप से ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जारी संघर्ष से पैदा हुई ग्लोबल अनिश्चितता के कारण देखी गई है। इसी अवधि में बीएसई सेंसेक्स भी करीब 11 प्रतिशत नीचे आ चुका है।

मार्केट कैप ₹1.2 लाख करोड़ तक हुआ कम

शेयर की कीमतों में तेज गिरावट का असर बैंक के मार्केट कैपिटलाइजेशन पर भी पड़ा है। पिछले एक महीने में ICICI बैंक का मार्केट कैप करीब 1.2 लाख करोड़ रुपये घट गया है। डेटा के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को बैंक का मार्केट कैप लगभग ₹10.09 लाख करोड़ था, जो अब घटकर करीब ₹8.88 लाख करोड़ रह गया है।

ब्रोकरेज की राय: गिरावट में अवसर

कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के एनालिस्ट्स का मानना है कि बाजार में मौजूदा गिरावट और शेयर की कीमतों में आई कमजोरी निवेशकों के लिए अपने पोर्टफोलियो की समीक्षा करने का अच्छा अवसर हो सकती है।

ब्रोकरेज का कहना है कि ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच जारी संघर्ष और उससे पैदा हुई बाजार अस्थिरता के कारण कई शेयरों में अव्यवस्थित गिरावट आई है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनियों की कमाई में स्थायी गिरावट आएगी।

किन सेक्टरों में बदलाव की सलाह

कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे अपने पोर्टफोलियो में महंगे वैल्यूएशन वाले सीमेंट, कंज्यूमर स्टेपल्स और “नैरेटिव” स्टॉक्स में हिस्सेदारी कम करें। इसके बजाय ब्रोकरेज ने फाइनेंशियल सेक्टर और उन सेक्टरों में निवेश बढ़ाने की सलाह दी है, जहां हालिया गिरावट के बाद वैल्यूएशन आकर्षक हो गए हैं और गिरावट को लेकर चिंताएं ज्यादा उचित नहीं मानी जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- Vodafone Idea का शेयर 5% तक उछला; JSW, ST Telemedia के निवेश कर सकने की खबर से बढ़ी खरीद

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।