News Image
Money Control

IndusInd Bank Shares: RBI ने कही ये बात, फटाक से 5% उछल गया इंडसइंड बैंक का शेयर

Published on 06/06/2025 02:28 PM

IndusInd Bank Shares: केंद्रीय बैंक RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि अकाउंटिंग प्रैक्टिसेज में सुधार को लेकर इंडसइंड बैंक ने काफी कदम उठाए हैं तो इसके शेयर रॉकेट बन गए। आरबीआई गवर्नर ने जब कहा कि इंडसइंड बैंक कुल मिलाकर अच्छा कर रहा है तो उनके इस भरोसे पर सवार इंडसइंड बैंक का शेयर 5% से अधिक उछल गया। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.65% की बढ़त के साथ ₹824.40 पर है। इंट्रा-डे में यह 5.32% के उछाल के साथ ₹845.85 पर है।

IndusInd Bank को लेकर और क्या कहा RBI के अधिकारियों ने?

आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि इंडसइंड बैंक ने अकाउंटिंग से जुड़े सुधार को लेकर पर्याप्त कदम उठाए हैं और बैंक कुल मिलाकर अच्छा कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इंडसइंड के एमडी और सीईओ ने इस्तीफा दे दिया है, जो कि पर्याप्त होना चाहिए जबकि धोखाधड़ी पर कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि अगर हस्तक्षेप की जरूरत पड़ी तो आरबीआई पीछे नहीं हटेगा। आरबीआई के डिप्टी गवर्नर जे स्वामीनाथन ने कहा कि इंडसइंड बैंक की समस्या बहुत जल्द सुलझ जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि बैंकिंग सिस्टम पर नजर बनी हुई है कि इंडसइंड बैंक के मुद्दे का सिस्टम पर कोई असर न पड़े।

किन चुनौतियों से जूझ रहा इंडसइंड बैंक?

इंडसइंड बैंक इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहा है और उसका फॉरेंसिक ऑडिट चल रहा है। इस साल मार्च में बैंक ने डेरिवेटिव अकाउंटिंग में चूक के चलते अपनी नेटवर्थ को ₹2,000 करोड़ के नुकसान होने का ऐलान किया था। इसके बाद बैंक में और भी अकाउंटिंग गड़बड़ियां सामने आईं। इसके चलते बैंक के सीईओ सुमंत कठपालिया को अपना इस्तीफा भी देना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए खुद पद छोड़ा था। बैंक फिलहाल नए सीईओ की तलाश में है। पिछले महीने पूंजी बाजार नियामक सेबी ने इंडसइंड बैंक के पूर्व सीईओ, डिप्टी सीईओ अरुण खुराना और तीन अन्य को अगले आदेश तक सिक्योरिटीज मार्केट में एंट्री पर रोक लगा दिया था। सेबी के अंतरिम आदेश के मुताबिक इन लोगों को अकाउंटिंग की गड़बड़ियों के बारे में पता था। उनके पास अनपब्लिश्ड प्राइस सेंसेटिव इंफॉर्मेशन (UPSI) थी और उन्होंने इसके आधार पर शेयरों की बिक्री की और ₹19.78 करोड़ के घाटे से बच गए।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

इंडसइंड बैंक के शेयर पिछले साल 19 जून 2024 को ₹1550.00 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से नौ महीने में यह 60.94% फिसलकर 12 मार्च 2025 को ₹605.40 के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।

IndusInd Bank News: 15 महीने तक छिपाए रखी बात, सेबी की जांच में सामने आई 'लंबी लूट'

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Tags: #share markets

First Published: Jun 06, 2025 2:28 PM

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।