News Image
Money Control

IRFC में जोरदार रिकवरी, ₹13000 करोड़ की इस रिकॉर्ड डील पर 4% चढ़ा शेयर

Published on 24/03/2026 12:22 PM

IRFC Share Price: इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) ने अपने इतिहास की सबसे बड़ी रीफाइनेंसिंग डील की तो इसके शेयर चमक उठे। एक कारोबीरी दिन पहले टूटकर यह एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था लेकिन अब इसने कुछ हद तक रिकवरी कर ली है। करीब ₹13 हजार करोड़ के धांसू रिफाइनेंसिंग डील पर इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 4% से अधिक उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे इसके भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.13% की बढ़त के साथ ₹91.30 पर है। इंट्रा-डे में यह 4.14% चढ़कर ₹93.10 तक पहुंच गया था। एक कारोबारी दिन पहले यह टूटकर एक साल के निचले स्तर ₹89.15 तक आ गया था।

कैसी रीफाइनेंसिंग डील की है IRFC ने?

आईआरएफसी ने हिंदुस्तान उर्वरक एंड रसायन लिमिटेड (HURL) के साथ ₹12,842 करोड़ का रुपये टर्म लोन एग्रीमेंट किया है, जो उसके लॉन्ग टर्म कर्ज की रीफाइनेंसिंग के लिए है। एचयूआरएल एक ज्वाइंट वेंचर है जिसकी प्रमोटर एनटीपीसी (NTPC), कोल इंडिया (Coal India), इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (Indian Oil Corporation), फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (Fertilizer Corporation of India Ltd-FCIL) और हिंदुस्तान फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन लिमिटेड (Hindustan Fertilizer Corporation Ltd-HFCL) जैसी सरकारी कंपनियां हैं। सरकार ने इसे यूपी के गोरखपुर, झारखंड के सिंदरी और बिहार के बरौनी में बंद पड़े उर्वरक प्लांट्स को फिर से चालू करने की पहल के तहत शुरू किया था। अब ये तीनों प्लांट्स चालू हैं और देश में यूरिया उत्पादन क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

आईआरएफसी के लिए क्यों अहम है यह डील?

₹12,842 करोड़ की यह रीफाइनेंसिंग डील आईआरएफसी के लिए इसलिए काफी अहम है क्योंकि इससे संकेत मिला है कि कंपनी अब केवल रेलवे फाइनेंसिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि एक डाईवर्सिफाइड इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंसिंग कंपनी बन रही है। इस डील से कंपनी के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM), जो 2026 की शुरुआत में ₹4.75 लाख करोड़ से अधिक थे, में जोरदार तेजी की उम्मीद है। डील से एचयूआरएल को भी काफी फायदा होगा जैसे कि इसकी डेट सर्विसिंग एफिसिएंसी सुधरेगी तो ऑपरेशनल मजबूती और आने वाले समय की ग्रोथ के लिए रिसोर्सेज फ्री होंगे।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

आईआरएफसी के शेयरों ने निवेशकों को करारा झटका दिया है। करीब दो साल पहले 15 जुलाई 2024 को बीएसई पर यह ₹229.05 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से दो साल से भी कम समय में यह 61.08% टूटकर एक कारोबारी दिन पहले 23 मार्च 2026 को यह ₹89.15 के भाव पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।

NHAI की Raajmarg InvIT की मार्केट में 7% प्रीमियम पर एंट्री, पहली बार खुदरा निवेशकों ने भी लिया IPO में हिस्सा

GSP Crop Science IPO Listing: ₹320 का शेयर 4% प्रीमियम पर लिस्ट, आधा भी नहीं भरा था इश्यू में खुदरा निवेशकों का हिस्सा

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।