News Image
Money Control

IRFC में सरकार बेच रही है 4% तक हिस्सा, OFS 25 फरवरी से खुला; शेयर 4% गिरा

Published on 25/02/2026 12:08 PM

इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRFC) के शेयरों में 25 फरवरी को दिन में 4 प्रतिशत तक की गिरावट दिखाई दी। BSE पर शेयर 104.75 रुपये के लो तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया निचला स्तर है। दरअसल केंद्र सरकार IRFC में 4 प्रतिशत तक हिस्सेदारी को ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेच रही है। OFS 25 फरवरी से संस्थागत निवेशकों के लिए खुल गया है। खुदरा निवेशक 26 फरवरी को निवेश कर सकेंगे। भारत सरकार 25-26 फरवरी को 26.13 करोड़ इक्विटी शेयर (2 प्रतिशत हिस्सेदारी) बेचने वाली है।

साथ ही ग्रीन शू विकल्प के तहत BSE और NSE की एक अलग विंडो के जरिए और 26.13 करोड़ शेयर (2 प्रतिशत हिस्सेदारी) बेचने का ऑप्शन भी है। ऑफर फॉर सेल के लिए फ्लोर प्राइस 104 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

अभी सरकार के पास कितना हिस्सा

IRFC में अभी सरकार के पास 86.36 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सरकार का स्टेक फिलहाल मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग नियमों से 11.36 प्रतिशत ज्यादा है। दिसंबर 2025 तिमाही के आखिर तक कंपनी के 51.2 लाख रिटेल शेयरहोल्डर थे। इनके पास 9.5 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का मार्केट कैप 1.37 लाख करोड़ रुपये है। इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन जनवरी 2021 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका 4,633.38 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 3.49 गुना भरा था। शेयर 6 महीनों में 15 प्रतिशत नीचे आया है। BSE पर शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 148.90 रुपये है।

अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 6,661.37 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 1,802.19 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 27,152.14 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 6,502 करोड़ रुपये रहा।

Lloyds Metals and Energy के लिए नोमुरा ने शुरू किया कवरेज, 37% उछाल की जताई उम्मीद

भारतीय शेयर बाजार 25 फरवरी को हरे निशान में है। सेंसेक्स दिन में 731.99 अंक तक उछलकर 82,957.91 के हाई तक गया है। वहीं निफ्टी 227.95 अंकों तक बढ़कर 25,652.60 के हाई तक गया है। PSU बैंक और FMCG को छोड़कर निफ्टी पर सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त में हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।