News Image
Money Control

इस आईटी स्टॉक से निकलने में भलाई! तिमाही नतीजे के बाद ब्रोकरेजेज ने घटा दिया टारगेट प्राइस, आपके पास है?

Published on 15/07/2025 02:05 PM

HCLTech Share Price: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी एचसीएलटेक के शेयरों में जून तिमाही के कारोबारी नतीजे के बाद बिकवाली की भारी आंधी आई। जून तिमाही के कारोबारी नतीजे पर इसके शेयर आज 4% से अधिक टूट गए। एनालिस्ट्स भी इसे लेकर बंटे हुए हैं। कुछ ने तो स्टॉक को अपग्रेड किया तो कुछ ने इसकी रेटिंग घटा दी है। इसके चलते एचसीएल के शेयरों पर आज दबाव दिखा। फिलहाल बीएसई पर यह 2.70% की गिरावट के साथ ₹1576.15 पर है। इंट्रा-डे में यह 4.29% फिसलकर ₹1550.50 तक आ गया था।

एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो 13 जनवरी 2025 को यह एक साल के हाई ₹2011 पर था जिससे तीन ही महीने में यह 35.16% टूटकर 7 अप्रैल 2025 को यह एक साल के निचले स्तर ₹1304 पर आ गया। इसे कवर करने वाले 47 एनालिस्ट्स में से 18 ने इसे खरीदारी, 18 ने सेल और 11 ने सेल रेटिंग दी है।

कैसी रही HCLTech के लिए जून तिमाही?

जून तिमाही में सालाना आधार पर एचसीएलटेक का कंसालिडेटेड लेवल पर शुद्ध मुनाफा 9.7% गिरकर ₹3843 करोड़ पर आ गया। हालांकि इस दौरान ऑपरेशनल रेवेन्यू 8.2% बढ़कर ₹30349 करोड़ पर पहुंच गया। एचसीएल ने पूरे वित्त वर्ष के लिए मार्जिन गाइडेंस को 18%-19% से बदलकर 17%-18% कर दिया है। कंपनी ने रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस में भी बदलाव किया है लेकिन लोअर एंड को बढ़ाया है। कंपनी ने रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस को 2%-5% से बढ़ाकर 3%-5% कर दिया है।

क्या है ब्रोकरेज फर्मों का रुझान

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने एचसीएलटेक की रेटिंग को अपग्रेड कर होल्ड से खरीदारी कर दी है और टारगेट प्राइस भी ₹1,450 से 30% बढ़ाकर ₹1,890 कर दिया है। हालांकि मार्जिन गाइडेंस में कटौती के चलते जेफरीज ने वित्त वर्ष 2026-28 के लिए इसके EPS (प्रति शेयर कमाई) के अनुमान में 0-2% की कटौती कर दी है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि इस दौरान एचसीएलटेक का ईपीएस सालाना 10% की चक्रवृद्धि रफ्तार से बढ़ेगा।

दूसरी तरफ नुवामा ने एचसीएलटेक की रेटिंग को डाउनग्रेड कर खरीदारी से होल्ड कर दी है और टारगेट प्राइस भी ₹1,700 से घटाकर ₹1,630 कर दिया है। नुवामा ने वित्त वर्ष 2026 के लिए EPS के अनुमान में 5.7% और वित्त वर्ष 2027 के लिए 3.1% की कटौती की है।

बाकी ब्रोकरेज फर्मों की बात करें तो जेपीमॉर्गन ने भी एचसीएलटेक की रेटिंग को डाउनग्रेड कर ओवरवेट से न्यूट्रल और टारगेट प्राइस को ₹1,800 से घटाकर ₹1,700 कर दिया है। सिटी ने इसकी न्यूट्रल रेटिंग में कोई बदलाव नहीं किया है लेकिन टारगेट प्राइस को ₹1,690 से घटाकर ₹1,650 कर दिया है। नोमुरा ने इसे फिर से खरीदारी की रेटिंग दी है लेकिन टारगेट प्राइस को ₹1,840 से घटाकर ₹1,810 कर दिया है।

HCL Technologies Q1 Results: मुनाफा 10% गिरा, रेवेन्यू 8% बढ़ा; ₹12 का अंतरिम डिविडेंड घोषित

Glen Industries IPO Listing: लिस्ट होते ही अपर सर्किट, ₹97 के शेयरों की ₹157 पर एंट्री

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।Tags: #share marketsFirst Published: Jul 15, 2025 2:05 PMहिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।