Published on 25/03/2026 01:07 PM
Kotak Mahindra Bank news : कोटक महिंद्रा बैंक पर हरियाणा के पंचकूला नगर निगम से जुड़ा धोखाधड़ी का आरोप लगा है। इस मामले में फिक्स्ड डिपॉज़िट गायब पाए गए हैं। इस मामले में कोटक महिंद्रा बैंक ने पंचकूला पुलिस थाने में एक FIR दर्ज कराई है और पंचकूला नगर निगम की फिक्स्ड डिपॉज़िट तथा उससे जुड़े खातों के मिलान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैंक ने कहा है कि खाते और लेन-देन उचित प्रक्रिया और लागू नियमों के अनुसार संचालित किए गए है।
पंचकूला नगर निगम के कमिश्नर विनय कुमार ने 24 मार्च को PTI को बताया कि पंचकूला ब्रांच में बैंक के पास कुछ FDRs लंबे समय से जमा थीं। जब बैंक से एक FDR के मैच्योर होने पर फंड ट्रांसफर करने को कहा गया,तो उसमें कुछ गड़बड़ी पाई गई।
CNBC-Awaaz का कहना है कि घोटाले की रकम 160 करोड़ रुपये है। पंचकूला नगर निगम के निर्देशों का पालन करते हुए,कोटक महिंद्रा बैंक ने नगर निगम द्वारा किए गए फिक्स्ड डिपॉज़िट और उनसे जुड़े बैंक खातों का विस्तृत मिलान (reconciliation) शुरू कर दिया। इस प्रक्रिया के तहत,बैंक ने अब तक जांचे गए रिकॉर्ड के आधार पर यह पुष्टि की है कि खाता खोलने की सभी प्रक्रियाएं,KYC दस्तावेज़,अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता और नगर निगम से प्राप्त निर्देश पूरी तरह से सही हैं। साथ ही,खातों और लेन-देन का संचालन निर्धारित प्रक्रियाओं और लागू बैंकिंग नियमों का पूरी तरह से पालन करते हुए किया गया है।
कोटक महिंद्रा बैंक के एक प्रवक्ता ने कहा कि जांच के दायरे में आने वाली रकम का एक बड़ा हिस्सा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के साथ पहले ही मिला लिया गया है और मिलान की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से जारी है। इसके अलावा,अपने गवर्नेंस मानकों को बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि इस मामले की जांच स्वतंत्र और पूरी तरह से हो,बैंक ने पंचकूला पुलिस में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। इस प्रक्रिया में बैंक म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, सरकारी अधिकारियों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ पूरी तरह से सहयोग कर रहा है।
25 मार्च को दोपहर 12:40 बजे,कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर 0.3% की बढ़त के साथ 367.85 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे।
अपडेट जारी.............
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।