Published on 05/03/2026 12:07 PM
L&T Stock Price: एलएंडटी के शेयरों में 5 मार्च को तेजी दिखी। इससे पहले इस शेयर में बड़ी गिरावट आई थी। खासकर 4 मार्च को यह शेयर 7 फीसदी तक क्रैश कर गया था। गिरावट के बाद शेयर की कीमत अट्रैक्टिव लेवल पर आ गई है। ब्रोकरेज फर्मों का रुख इस शेयर को लेकर पॉजटिव है। हालांकि, मध्यपूर्व में जारी लड़ाई के बीच वे शॉर्ट टर्म में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। एनालिस्ट्स का कहना है कि मध्यपूर्व में टेंशन घटने पर एलएंडटी की अर्निंग्स में रिकवरी आ सकती है।
5 मार्च को शेयरों में उछाल
5 मार्च को 11:15 बजे L&T का शेयर 2.14 फीसदी के उछाल के साथ 3,965.80 रुपये पर चल रहा था। बीते एक हफ्ते में यह शेयर 7 फीसदी गिरा है। हालांकि, बीते एक साल में इस शेयर का रिटर्न 22 फीसदी से ज्यादा रहा है। इस साल 23 फरवरी को यह शेयर 4,418 रुपये पर पहुंच गया था। एलएंडटी के रेवेन्यू में मध्यपूर्व की बड़ी हिस्सेदारी है। इसलिए मध्यपूर्व में लड़ाई का असर कंपनी के शेयरों पर पड़ा है।
ब्रोकरेज फर्मों का रुख पॉजिटिव
ब्रोकरेज फर्मों का नजरिया एलएंडटी के शेयरों पर पॉजिटिव है। हालांकि, उन्होंने इस स्टॉक के टारगेट प्राइस में कमी की है। उनका कहना है कि मध्यपूर्व में चल रही लड़ाई का असर कंपनी के प्रोजेक्ट एग्जिक्यूशन पर पड़ेगा। लेकिन, इसका लॉन्ग टर्म में कंपनी के ग्रोथ आउटलुक पर इसका असर नहीं पड़ेगा। दरअसल, हालिया गिरावट के बाद स्टॉक की कीमत अट्रैक्विट लेवल पर आ गई है।
जेफरीज ने 4500 रुपये का टारगेट दिया
विदेश फर्म जेफरीज ने एलएंडटी के शेयरों को खरीदने की सलाह बनाए रखी है। उसने शेयर के लिए 4,500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। हालांकि, यह पहले के उसके 4,715 रुपये के टारगेट प्राइस से कम है। उसने कहा है कि एलएंडटी की करीब 37 फीसदी ऑर्डरबुक पश्चिम एशिया से जुड़ी है। इसमें सऊदी अरब की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है। उसने कहा है कि मध्यपूर्व में अगर अस्थिरता 1 महीने तक जारी रहती है तो इससे कंपनी की प्रति शेयर अर्निंग्स में करीब 6-8 फीसदी की कमी आ सकती है।
मोतीलाल ओसवाल की भी खरीदने की सलाह
Motilal Oswal ने भी एलएंडटी के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर का टारगेट प्राइस 4,600 रुपये से घटाकर 4,400 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि कंपनी की ऑर्डरबुक में पश्चिम एशिया की हिस्सेदारी 39-40 फीसदी है। इससे शॉर्ट टर्म में प्रोजेक्ट एग्जिक्यूशन में दिक्कत आ सकती है। अगर टेंशन लंबे समय तक जारी रहता है तो इसका असर कंपनी के मार्जिन पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: BSE shares: बीएसई के शेयरों में 4% की तेजी, SEBI से दो नए इंडेक्स डेरिवेटिव्स शुरू करने की मिली मंजूरी
4 मार्च को शेयर 7 फीसदी तक फिसला था
CLSA ने एलएंडटी के शेयरों को कैपिटल गुड्स स्पेस में अपने टॉप पिक्स में शामिल किया है। इसका मतलब है कि इस शेयर पर ब्रोकरेज फर्म की सोच पॉजिटिव है। 4 मार्च को यह शेयर एक समय 7 फीसदी से ज्यादा क्रैश कर गया था। हालांकि, बाद में यह काफी हद तक संभलने में कामयाब रहा। कारोबार के अंत में यह 4.54 फीसदी गिरकर 3,882 रुपये पर बंद हुआ था। बीते पांच ट्रेडिंग सत्रों में यह शेयर करीब 10 फीसदी गिरा है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।