Published on 16/03/2026 05:48 PM
Stock Market : भारतीय इक्विटी इंडेक्स 16 मार्च को मज़बूत बढ़त के साथ बंद हुए,जिसमें निफ्टी 23,400 के स्तर पर रहा। बाज़ार बंद होने पर,सेंसेक्स 938.93 अंक या 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,502.85 पर और निफ्टी 257.70 अंक या 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,408.80 पर बंद हुआ। निफ्टी में सबसे ज़्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में M&M, ग्रासिम इंडस्ट्रीज़, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट और HDFC बैंक शामिल रहे। जबकि गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, विप्रो, मैक्स हेल्थकेयर, सन फार्मा और कोल इंडिया शामिल थे।
सेक्टोरल मोर्चे पर, ऑटो, बैंक, FMCG और मेटल सेक्टर में 0.3-1% की बढ़त दर्ज की गई। जबकि मीडिया, ऑयल एंड गैस, फार्मा, रियल्टी और कैपिटल गुड्स सेक्टर में 0.5-2.7% की गिरावट आई। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.3% की गिरावट आई,जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.5% की गिरावट दर्ज की गई।
आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल
कोटक सिक्योरिटीज़ के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान ने कहा कि आज बेंचमार्क इंडेक्स में एक पुलबैक रैली देखने को मिली। निफ्टी 258 अंक ऊपर बंद हुआ,जबकि सेंसेक्स में 939 अंकों की बढ़त दर्ज की गई। सेक्टर्स की बात करें ऑटो और फाइनेंशियल इंडेक्स में 1 प्रतिशत से ज़्यादा की तेज़ी आई। जबकि ऑयल एंड गैस और रियल्टी इंडेक्स को सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ। इनमें 1.5 प्रतिशत से ज़्यादा की गिरावट आई।
तकनीकी रूप से,इंट्राडे करेक्शन के बाद बाज़ार ने 22,950 के पास सपोर्ट लिया और दिन के सबसे निचले स्तर से तेज़ी से वापसी करते हुए 500 अंकों से ज़्यादा की रैली की। इंट्राडे चार्ट पर एक रिवर्सल फॉर्मेशन और डेली चार्ट पर एक बुलिश कैंडल यह संकेत देते हैं कि आने वाले समय में पुलबैक की यह चाल जारी रहने की संभावना है।
डे ट्रेडर्स के लिए,23300 और 23200 अहम सपोर्ट ज़ोन का काम करेंगे। जब तक बाज़ार इन स्तरों से ऊपर ट्रेड कर रहा है,तब तक पुलबैक फॉर्मेशन जारी रहने की संभावना है।
ऊपरी तरफ,23,650 और 23,800 बुल्स के लिए मुख्य रेजिस्टेंस एरिया का काम करेंगे। इसके विपरीत,23,200 से नीचे, अपट्रेंड कमज़ोर पड़ जाएगा। अगर यह स्तर टूटता है,तो बाज़ार 23,000–22,950 के स्तरों को फिर से टेस्ट कर सकता है। बाज़ार का मौजूदा मिज़ाज अस्थिर है इसलिए,डे ट्रेडर्स के लिए लेवल-आधारित ट्रेडिंग ही सबसे अच्छी रणनीति होगी।
एक्सिस सिक्योरिटीज का कहना है कि निफ्टी के मंथली ऑप्शंस चेन में एक स्ट्रक्चरल बेयरिश बदलाव देखने को मिला है। कॉल रेजिस्टेंस 24,000–24,500 पर मज़बूत हो गया है,जबकि पुट का जमावड़ा 24,000 से नीचे खिसककर 22,000–23,000 के ज़ोन में आ गया है। यह बड़े पैमाने पर लॉन्ग-अनवाइंडिंग और एक चौड़ी होती ट्रेडिंग रेंज का संकेत है। ऐसे में निफ्टी 23,000 के तत्काल सपोर्ट के नीचे जा सकता। डेटा के आधार पर अनुमान है कि आने वाले हफ़्ते में निफ्टी फ्यूचर्स 22,000 और 24,000 के बीच ट्रेड करेंगे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के एसवीपी, रिसर्च अजीत मिश्रा का कहना है कि आज आई रिकवरी की मदद से निफ्टी इंट्राडे में 23,000 से नीचे के स्तरों को टेस्ट करने के बाद, वापस 23,300 के निशान से ऊपर पहुंच गया। हालांकि,निवेशकों को सिर्फ़ एक दिन की इस तेज़ी को बहुत ज़्यादा महत्व नहीं देना चाहिए और उन्हें इस बढ़त के टिकाऊ साबित होने का इंतज़ार करना चाहिए। इंडेक्स अभी भी अहम रेजिस्टेंस ज़ोन से नीचे ही ट्रेड कर रहा है। आगे चलकर,23,600–23,900 का दायरा एक तत्काल रेजिस्टेंस के तौर पर काम कर सकता है। जबकि नीचे की तरफ़ 22,900–23,000 का ज़ोन एक महत्वपूर्ण सपोर्ट एरिया बना रहेगा। कल होने वाली वीकली एक्सपायरी और मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों के चलते बाज़ार में उतार-चढ़ाव (volatility) बना रह सकता है। निवेशकों को सलाह है कि वे सतर्क रुख अपनाएं, चुनिंदा स्टॉक्स पर फोकस करें। अपनी पोजीशन का आकार हल्का रखें और जोखिम मैनेजमेंट पर फोकस करें।
बोनान्ज़ा में रिसर्च एनालिस्ट अभिनव तिवारी का कहना है कि कुल मिलाकर बाजार का ट्रेंड अभी भी कमजोर है। कच्चे तेल की कीमतें हाई हैं,FII की बिकवाली लगातार जारी है और ग्लोबल संकेत मिले-जुले हैं। ऐसे में बाज़ार में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बैंकिंग और FMCG सेक्टर के अच्छी क्वालिटी वाले लार्ज-कैप शेयरों पर फोकस करें। हालिया करेक्शन के कारण अब इनकी कीमतें काफी ज़्यादा वाजिब लग रही हैं। साथ ही, इस बात पर भी पैनी नज़र रखें कि यहां से जियोपॉलिटिकल हालात और रुपये की चाल किस दिशा में जाती है।
Trading plan : कोई भी लॉन्ग पोजिशन लेकर न जाएं,सेशन के अंतिम घंटे की रैली के कभी भी फेल होने का रिस्क
LKP सिक्योरिटीज में सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रूपक डे का कहना है कि निफ्टी में आज अच्छी रिकवरी रही। इंडेक्स 23,000 से नीचे जाने के बाद जल्दी ही इस लेवल से ऊपर वापस आ गया। डेली चार्ट पर,इंडेक्स ने एक पियर्सिंग लाइन पैटर्न बनाया है जो लंबे करेक्शन के बाद एक बुलिश रिवर्सल सिग्नल है। हालांकि बड़े पैमाने पर सेंटीमेंट में कोई खास बदलाव नहीं आया है,लेकिन शॉर्ट टर्म में टेक्निकल पुलबैक से इनकार नहीं किया जा सकता है।
ऊपर की तरफ,इंडेक्स 23,800 या उससे भी ऊपर की ओर रिकवरी कर सकता है। निचले स्तर पर तत्काल सपोर्ट 23,200 पर है। इस लेवल से नीचे जाने पर इंडेक्स वापस कमजोर हो सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।