News Image
Money Control

Market outlook : बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, जानिए 27 मार्च को कैसी रह सकती है इसकी चाल

Published on 25/03/2026 04:21 PM

Stock Market : 25 मार्च को भारतीय इक्विटी इंडेक्स मज़बूत बढ़त के साथ बंद हुए। आज निफ्टी 23,300 के ऊपर बंद हुआ। बाज़ार बंद होने पर,सेंसेक्स 1,205 अंक या 1.63 प्रतिशत बढ़कर 75,273.45 पर और निफ्टी 394.05 अंक या 1.72 प्रतिशत बढ़कर 23,306.45 पर सेटल हुआ। लगभग 2841 शेयरों में बढ़त हुई,1309 शेयरों में गिरावट आई और 134 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। कंज्यूमर ड्यूरेबल इंडेक्स में 3.5% की तेज़ी आई। जबकि रियल्टी,फार्मा,PSU बैंक,मेटल,ऑटो,FMCG और कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 2% की बढ़त हुई।

निफ्टी में सबसे ज़्यादा बढ़त वाले शेयरों में श्रीराम फाइनेंस,अल्ट्राटेक सीमेंट,ग्रासिम इंडस्ट्रीज़,बजाज फाइनेंस और अडानी एंटरप्राइजेज़ शामिल रहे। जबकि सबसे ज़्यादा गिरावट वाले शेयरों में टेक महिंद्रा,TCS,भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और पावर ग्रिड कॉर्प शामिल रहे। आज छोटे-मझोले शेयरों में भी तेजी रही। इसके चलते निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 2.3% की बढ़त हुई और स्मॉलकैप इंडेक्स 2.6% ऊपर चढ़ा।

निवेशकों की वेल्थ में आज एक ही दिन में 8 लाख करोड़ की बढ़ोतरी हुई,क्योंकि BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइज़ेशन पिछले सेशन के लगभग 423 लाख करोड़ से बढ़कर 431 लाख करोड़ रुपए हो गया है। सिर्फ़ दो लगातार सेशन में, Sensex 2577 अंक या 3.5% उछला है। जबकि Nifty 794 अंक या 3.5% बढ़ा है।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव घटने की ख़बरों से बाज़ार में उत्साह देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वॉशिंगटन डीसी और तेहरान के बीच समझौते के अहम बिंदु तय हो गए हैं। उन्होंने ईरान के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर अमेरिकी हमलों को पांच दिनों के लिए रोकने का आदेश दिया है। जिससे तनाव घटाने के कूटनीतिक प्रयासों की सफलता की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजिस्ट,वी.के. विजयकुमार ने कहा कि मिडिल ईस्ट में तनाव में कमी आने के संकेतों के साथ बाज़ार में उम्मीदें लौट रही हैं। राष्ट्रपति ट्रंप और ईरानी शासन की टिप्पणियों से संकेत मिल रहा है कि यह संघर्ष जल्द ही समाप्त हो सकता है। विशेष रूप से,ईरान की ओर से यह दोहराया जाना कि 'गैर-शत्रुतापूर्ण जहाज़ होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़र सकते हैं',एक अच्छी ख़बर है जिससे भारत की तेल और गैस संबंधी चिंताएं कम होंगी।

आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ़ मार्केट स्ट्रेटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि निफ्टी में 23,350–23,800 की रेंज की ओर और तेज़ी देखने को मिल सकती है,हालांकि 23,000 के स्तर के ऊपरी सीमा (cap) के तौर पर काम करने के चलते,नज़दीकी अवधि में बाज़ार में कंसोलीडेशन की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि 22,880 के स्तर तक की गिरावट खरीदारी को ट्रिगर कर सकती है,जबकि इस स्तर से नीचे जाने पर तेज़ी में कमी आने का संकेत मिल सकता है। हालांकि,जब तक इंडेक्स 22,640 के ऊपर बना रहता है,तब तक तेजी का रुझान कायम रहेगा।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर का कहना है कि ग्लोबल रिस्क सेंटिमेंट में सुधार और शांति की उम्मीदों के साथ मार्केट पिछले दिन के मोमेंटम पर कायम रहा। मिली-जुली जियोपॉलिटिकल कमेंट्री के बावजूद US और ईरान के बीच हुए डिप्लोमैटिक प्रोग्रेस की वजह से क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलरसे नीचे आ गईं है,जिसका मार्केट ने स्वागत किया है।

होर्मुज स्ट्रेट के ज़रिए समुद्री आवाजाही में नॉर्मलाइज़ेशन के शुरुआती संकेतों से इन्वेस्टर का भरोसा और बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि अभी कमेंट करना जल्दबाजी होगी। आज घरेलू रैली बड़े पैमाने पर आई, जिसे सभी सेक्टर में हुई वैल्यू बाइंग से सपोर्ट मिला।

पिछले कुछ समय से महंगा बना हुआ भारत का वैल्यूएशन प्रीमियम अब ज़्यादा सही लेवल पर आ गया है,जिससे इन्वेस्टर को मौजूदा मार्केट लेवल पर ज़्यादा राहत मिल रही है। ऐसे में सस्ते में मिल रहे अच्छे शेयरों में खरीदारी के मौके दिख रहे हैं।

HDFC सिक्योरिटीज में सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट नागराज शेट्टी का कहना है कि बुधवार को निफ्टी में लगातार दूसरे सेशन में तेज़ी देखने को मिली और यह 394 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ। ऊपर की ओर गैप के साथ खुलने के बाद,सेशन के शुरुआती मध्य भाग में बाज़ार में तेज उछाल आया। सेशन के मध्य से बाद वाले भाग में यह 23400 के स्तरों के रेजिस्टेंस को पार नहीं कर पाया और अंततः अपने आज के हाई के करीब बंद हुआ।

डेली चार्ट पर एक लॉन्ग बुलिश कैंडल बनी,जिसमें ऊपरी तरफ माइनर शैडो थी। तकनीकी रूप से,पिछले दो सेशन की बाज़ार की चाल 22500 के स्तरों (23 मार्च) के आसपास एक अहम बॉटम रिवर्सल बनने का संकेत दे रही है। फिलहाल, निफ्टी 19 मार्च के पिछले ओपनिंग डाउन गैप के रेजिस्टेंस का सामना कर रहा है,जो 23400-23600 के स्तरों के आसपास है।

कुल मिलाकर बाज़ार का रुझान पॉजिटिव बना हुआ है। यहां से आगे की कोई भी टिकाऊ बढ़त निफ्टी को निकट भविष्य में 23850 के अगले ऊपरी स्तरों की ओर ले जा सकती है। यहां से किसी भी तरह के कंसोलिडेशन/गिरावट को 23000 के स्तरों के आसपास सपोर्ट मिल सकता है।

 

IPL अब दुनिया के सबसे बड़े लीग्स में शामिल, क्या ये बनेगा बाजार के लिए अगला बड़ा सेक्टर?

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।