Published on 18/02/2026 09:55 AM
Maruti Suzuki Share Price: एक कारोबारी दिन पहले मारुति सुजुकी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी ईविटारा लॉन्च की। इसे लेकर लॉन्चिंग के दिन शेयरों में जोश दिखा लेकिन अब ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने प्रॉफिटेबल होने को लेकर आशंका जताई तो आज शुरुआती कारोबार में इसके शेयरों पर दबाव दिखा। हालांकि नोमुरा ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी हुई है। फिलहाल बीएसई पर यह 0.34% की गिरावट के साथ ₹15128.00 पर है। शुरुआती कारोबार में ही यह 0.46% फिसलकर ₹15110.00 तक टूट गया था। अब आगे के चाल की बात करें तो इसे कवर करने वाले 48 एनालिस्ट्स में से 41 ने इसे खरीदारी, 5 ने होल्ड और 2 ने सेल रेटिंग दी है।
नोमुरा को क्यों नहीं लग रहा प्रॉफिटेबल?
मारुति सुजुकी को ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने ₹16118 के टारगेट प्राइस के साथ खरीदारी की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि मारुति सुजुकी की ईविटारा (eVitara) को एक आकर्षक बैट्री ऐज अ सर्विस (BaaS) प्राइसिंग पर लॉन्च किया गया है। नोमुरा के मुताबिक इलेक्ट्रिक वाहनों की पहुंच बढ़ाने के लिए इस कार की कीमत प्रतिस्पर्धी रखी गई है लेकिन कंपनी के लिए यह मुनाफा कमाने वाली नहीं हो सकती है। नोमुरा का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 में इसके ईविटारा और टोयोटा वैरिएंट की घरेलू बिक्री 12 हजार यूनिट्स और वित्त वर्ष 2027 में 24 हजार यूनिट रह सकती है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि नोमुरा ने कहा कि अगर सीधी खरीदारी ₹16 लाख या उससे अधिक की होती तो इससे कुछ फायदा मिल सकता है लेकिन इससे मार्जिन पर असर पड़ सकता है।
किस भाव पर लॉन्च हुई Maruti Suzuki की eVitara?
मारुति सुजुकी ने मंगलवार 17 फरवरी को प्रति किमी ₹3.99 की बैट्री ईएमआई के साथ BaaS मॉडल के तहत बैट्री ईवी पेश की जिसकी शुरुआती कीमत ₹10.99 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई। इसे नेक्सा (NEXA) के शोरूम या नेक्सा की साइट पर जाकर ₹21 हजार के शुरुआती पेमेंट के साथ बुक कर सकते हैं। मारुति सुजुकी ने पहली बार ईविटारा को भारत मोबिलिटी ऑटो एक्स्पो 2025 में पेश किया था जिसके जरिए कंपनी ने मिड-साइज ईवी सेगमेंट में एंट्री की।
एक साल में कैसी रही मारुति के शेयरों की चाल?
मारुति के शेयरों ने कम समय में ही निवेशकों की शानदार कमाई कराई है और इक्विटी बेंचमार्क से अधिक रिटर्न दिया है। इसके शेयर पिछले साल 7 अप्रैल 2025 को ₹11072.20 पर थे जो इसके लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह नौ ही महीने में 56.89% उछलकर 5 जनवरी 2026 को ₹17371.60 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस दौरान निफ्टी 50 (Nifty 50) 18% से अधिक मजबूत हुआ।
भारत में Maruti Suzuki e Vitara लॉन्च, सिर्फ ₹10.99 लाख में भारत की पहली इलेक्ट्रिक SUV
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।