Published on 07/01/2026 03:45 PM
Maruti Suzuki Shares: मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में बुधवार 7 जनवरी को तेज मुनाफावसूली देखने को मिली। कंपनी के शेयर 4.5 प्रतिशत से ज्यादा टूटकर 16,567 रुपये के स्तर तक आ गए। यह पिछले 11 महीनो में इस शेयर में किसी एक दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है। इसके साथ ही इस शेयर में पिछले 6 दिनों से जारी तेजी पर भी ब्रेक लग गया।
ब्रोकरेज फर्म HSBC ने एक दिन पहले मारुति सुजुकी के शेयरों को लेकर एक रिपोर्ट जारी की थी। ब्रोकरेज वे इस रिपोर्ट में Maruti Suzuki के शेयरों पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग को बनाए रखा और इसका टारगेट प्राइस 18,500 रुपये प्रति शेयर तय किया था।
HSBC के मुताबिक, कंपनी का मार्केट शेयर दोबारा करीब 40% के स्तर पर सामान्य हो गया है। वहीं ऑटो सेक्टर में कुल मांग का आउटलुक अब भी मजबूत बना हुआ है। हालांकि, HSBC ने निवेशकों को सावधान भी किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि मारुति सुजुकी की तीसरी और चौथी तिमाही के मार्जिन शेयर के लिए बेहद अहम रहने वाले हैं।
ब्रोकरेज ने कहा कि अगर कंपनी का EBIT (अर्निंग बिफोर इंटरेस्ट एंड टैक्स) मार्जिन 10% से नीचे रहता है, तो बाजार निराश हो सकता है। इसके अलावा, कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव को भी HSBC ने निकट अवधि का एक बड़ा जोखिम बताया है।
वहीं दूसरी ओर, ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन (Bernstein) ने मारुति सुजुकी पर अपना भरोसा बरकरार रखा है। बर्नस्टीन ने इस शेयर पर अपनी 'आउटपरफॉर्म' की रेटिंग बनाए रखते हुए टारगेट प्राइस 17,800 रुपये से बढ़ाकर 19,000 रुपये कर दिया है।
कंपनी के हालिया बिक्री आंकड़े भी मजबूत रहे हैं। मारुति सुजुकी ने दिसंबर में कुल 2.17 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जबकि बाजार को करीब 2.12 लाख यूनिट्स की उम्मीद थी। यह आंकड़ा पिछले साल के 1.78 लाख यूनिट्स के मुकाबले 22.2% ज्यादा है।
घरेलू पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में बिक्री 37.5% बढ़कर 1.78 लाख यूनिट्स हो गई। खासतौर पर Alto और S-Presso मॉडल्स की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा गया, जो 92% बढ़कर 14,225 यूनिट्स तक पहुंच गई।
शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो Maruti Suzuki का स्टॉक पिछले एक महीने में करीब 43% चढ़ चुका है, हालांकि आज की तेज गिरावट के बाद यह दिन के निचले स्तर के आसपास 4.2% की गिरावट के साथ ₹16,567 पर कारोबार कर रहा है।
यह भी पढ़ें- Share Market Down: शेयर बाजार में इन 3 कारणों से गिरावट; सेंसेक्स 300 अंक टूटा, निफ्टी 26100 के नीचे
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। बसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।