Published on 12/03/2026 09:45 AM
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के शेयर के लिए अपना बुलिश रुख दोहराया है। कहा है कि शेयर की खराब परफॉर्मेंस को लेकर चिंता उतनी ज्यादा है नहीं, जितनी की बताई जा रही है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है और प्राइस टारगेट ₹17406 प्रति शेयर तय किया है। यह बुधवार के क्लोजिंग प्राइस से 29% ज्यादा है।
मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि ऑटो इंडेक्स के मुकाबले मारुति सुजुकी की हालिया खराब परफॉर्मेंस शायद कम थोक बिक्री और दिसंबर तिमाही के निराशाजनक नतीजों की वजह से है। चिंता उतनी ज्यादा है नहीं, जितनी कि जताई जा रही है। कारों और SUV दोनों में मारुति सुजुकी की रिटेल डिमांड अच्छी बनी हुई है। ब्रोकरेज के नोट के मुताबिक, पिछले साल सितंबर में GST रेट में कटौती के बाद कारों की डिमांड बढ़ी है और मारुति सुजुकी इसका बड़ा फायदा उठाने वालों में से एक बनकर उभर रही है।
मोतीलाल ओसवाल के अनुसार, क्षमता की कमी के कारण मारुति की थोक बिक्री जल्द ही सीमित हो जाएगी। इसे अप्रैल 2026 से नई क्षमता शुरू होने पर ठीक किया जा सकता है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि नई कैपेसिटी शुरू हो जाने के बाद मारुति सुजुकी अपनी लॉन्च पाइपलाइन के दम पर इंडस्ट्री ग्रोथ से बेहतर परफॉर्म करेगी। अच्छी लॉन्च पाइपलाइन और कारों में अपग्रेड से कंपनी के मार्केट शेयर को फिर से बढ़ने में मदद मिल सकती है। मोतीलाल ओसवाल ने अनुमान लगाया है कि मारुति सुजुकी इंडिया की कमाई FY25-28 के दौरान 16% की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ेगी।
Maruti Suzuki की एक्सपोर्ट ग्रोथ
मारुति सुजुकी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 4 लाख यूनिट के अपने एक्सपोर्ट टारगेट को फरवरी 2026 में ही पार कर लिया। इसकी वजह कई मार्केट्स में मजबूत डिमांड है। ब्रोकरेज ने आगे कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2031 तक 7.5 लाख से 8 लाख गाड़ियां एक्सपोर्ट करने के अपने मीडियम-टर्म टारगेट की दिशा में काम कर रही है। इस बीच सुजुकी जापान अपने एक्सपोर्ट मार्केट प्रोडक्शन का ज्यादातर हिस्सा भारत में शिफ्ट कर रही है। इसने ई-विटारा और विक्टोरिस के लिए भारत को अपना ग्लोबल प्रोडक्शन हब भी बनाया है। मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि मारुति सुजुकी इंडिया का एक्सपोर्ट वॉल्यू FY25-28 के दौरान 25% CAGR से बढ़ेगा।
शेयर में गिरावट
12 मार्च को मारुति सुजुकी इंडिया के शेयर में गिरावट है। बाजार खुलते ही शेयर BSE पर 2 प्रतिशत तक टूटकर 13224.20 रुपये के लो तक गया। शेयर पर कवरेज करने वाले 48 एनालिस्ट्स में से 41 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 5 ने 'होल्ड' और दो ने 'सेल' रेटिंग दी है। कंपनी का मार्केट कैप 4.17 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 3 महीनों में 20 प्रतिशत और 2 सप्ताह में 13 प्रतिशत नीचे आया है।
Stocks to Watch: Sensex की एक्सपायरी; Borosil, Ashok Leyland और Wipro समेत इन स्टॉक्स पर रखें नजर
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।