Published on 06/01/2026 02:16 PM
Metal Stocks: मेटल कंपनियों के शेयरों में आज 6 जनवरी को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। तांबा और एल्युमिनियम की अंतरराष्ट्रीय कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद हिंदुस्तान कॉपर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और नेशनल एल्युमिनियम कंपनी (NALCO) के शेयर 4 से 6 प्रतिशत तक उछलकर अपने नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। मेटल शेयरों में आई इस तेजी का असर पूरे सेक्टर पर दिखा। Nifty Metal Index शुरुआती कारोबार के दौरान 1 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर 11,652.70 के स्तर पर पहुंच गया। यह इसका नया 52-वीक हाई है।
तांबा और एल्युमिनियम की कीमतों में उछाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तांबे की कीमतें लंदन मेटल एक्सचेंज (LME) पर बढ़कर रिकॉर्ड 13,253.50 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गईं। मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक, यह तेजी ग्लोबल भू-राजनीतिक तनाव, सप्लाई की कमी और महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) को लेकर बढ़ते कॉम्पिटीशन का नतीजा है।
कॉनकॉर्ड रिसोर्सेज के रिसर्च डायरेक्टर डंकन हॉब्स के हवाले से रॉयटर्स ने कहा कि नए ग्लोबल ऑर्डर में सप्लाई चेन की सुरक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स की उपलब्धता सबसे बड़ा विषय बनकर उभर रहा है। वेनेजुएला से जुड़े हालिया घटनाक्रम ने इस चिंता को और गहरा कर दिया है।
ब्रोकरेज फर्म एक्सिस सिक्योरिटीज का कहना है कि दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती, सप्लाई के मोर्चे पर लगातार दबाव और सेक्टर-विशेष टैरिफ की संभावनाओं ने भी तांबे की कीमतों को मजबूती दी है। वहीं एल्युमिनियम की कीमतों में सप्लाई के कड़े हालात और लंबी अवधि में मजबूत मांग की उम्मीद से मजबूती देखी जा रही है।
इन मेटल शेयरों में दिखी सबसे अधिक तेजी-
Hindustan Copper: हिंदुस्तान कॉपर के शेयर करीब 4 प्रतिशत चढ़कर ₹574.60 के नए 52-वीक हाई पर पहुंच गए। बीते पांच कारोबारी दिनों में यह शेयर 8 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ चुका है, जबकि एक महीने में इसमें 55 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई है। पिछले छह महीनों में यह शेयर 106 प्रतिशत से ज्यादा उछल चुका है।
Hindalco Industries: हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर भी 4 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ ₹970.80 के अपने नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। पिछले एक महीने में इस शेयर ने करीब 17 प्रतिशत, छह महीनों में 38 प्रतिशत और एक साल में करीब 67 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
National Aluminium Company (NALCO): नाल्को के शेयरों में आज सबसे तेज उछाल देखने को मिला। यह शेयर करीब 6 प्रतिशत चढ़कर ₹350.35 के नए 52-वीक हाई पर पहुंच गया। नाल्को के शेयर पिछले पांच दिनों में 11 प्रतिशत, एक महीने में 30 प्रतिशत और बीते छह महीनों में करीब 85 प्रतिशत तक चढ़ चुके हैं।
यह भी पढ़ें- Share Market Falls: शेयर बाजार इन 5 कारणों से धड़ाम, सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी भी 26,200 के नीचे
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।