News Image
Money Control

Neptune Logitek IPO Listing: ₹30200 का झटका हर लॉट पर, ₹126 के शेयरों में लिस्ट होते ही लोअर सर्किट

Published on 22/12/2025 10:04 AM

Neptune Logitek IPO Listing: लॉजिस्टिक्स सर्विसेज देने वाली नेप्च्यून लॉजिटेक के शेयरों की आज BSE SME प्लेटफॉर्म पर भारी डिस्काउंट के साथ एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का खास रिस्पांस नहीं मिला था और एनआईआई का हिस्सा तो आधे से भी कम भरा था। आईपीओ के तहत ₹126 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹100.80 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि लिस्टिंग पर उनकी 20% पूंजी ही घट गई। आईपीओ निवेशकों को और शॉक तब लगा, जब शेयर और नीचे फिसल गए। फिसलकर यह ₹95.80 (Neptune Logitek Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब करीब 24% घाटे में हैं। चूंकि इसके आईपीओ का लॉट साइज 1000 शेयरों का था तो हर लॉट पर आईपीओ निवेशकों को ₹30200 का झटका लगा है।

 

Neptune Logitek IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

नेप्च्यून लॉजिटेक का ₹46.62 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 15-17 दिसंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.61 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा तो आधे से भी कम 0.32 गुना ही भरा था जबकि खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 2.90 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 37 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹33.94 करोड़ ट्रकों और एंसिलरी एक्विपमेंट की खरीदारी, ₹2 करोड़ लोन हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Neptune Logitek के बारे में

नेप्च्यून लॉजिटेक इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशन प्रोवाइड कंपनी है। यह फ्रेट फारवर्डिंग और कस्टम क्लियरेंस, एयर फ्रेट ट्रांसपोर्टेशन, डोर-टू-डोर मल्टीमॉडल कोस्टल फारवर्डिंग, रोड ट्रांसपोर्टेशन, रेल ट्रांसपोर्टेशन जैसी सर्विसेज ऑफर करती है। यह जीपीएस से लैस फ्लीट मैनेजमेंट, रियल टाइम वेईकल ट्रैकिंग और ऑटो ऑन/ऑफ इंजन मॉनीटरिंग और कंट्रोल फीचर्स जैसी तकनीक का इस्तेमाल करती है। मार्च 2025 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसके 199 फ्लीट और फ्लीट ऑपरेटर्स हैं। इसकी 9 ब्रांच ऑफिस हैं। साथ ही यह कैप्टिव पेट्रोल पंप भी ऑपरेट करती है जिसकी स्टोरेज कैपेसिटी 60 किलोलीटर तक है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹18 लाख का शुद्ध घाटा हुआ था जबकि अगले वित्त वर्ष 2024 में यह नो प्रॉफिट-नो लॉस की स्थिति में पहुंच गई और फिर वित्त वर्ष 2025 में यह रॉकेट की स्पीड से ₹9.16 करोड़ के शुद्ध मुनाफे में पहुंच गई। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 17% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹260.74 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-अगस्त 2025 में कंपनी को ₹4.02 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹105.52 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। अगस्त 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹56.40 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹13.97 करोड़ पड़े थे।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।