News Image
Money Control

Netweb Tech ने अमेरिकी कंपनी से मिलाया हाथ, डेटा सेंटर और AI सर्वर के लिए मिलकर बनाएंगे कूलिंग सिस्टम

Published on 26/02/2026 11:11 PM

AI इंफ्रास्ट्रक्चर स्पेस में तेजी से कदम बढ़ा रही Netweb Technologies ने अब एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने अमेरिका की क्रिटिकल डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर फर्म Vertiv के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग का मकसद Netweb के GPU आधारित कंप्यूट प्लेटफॉर्म्स को Vertiv के एंड-टू-एंड AI डेटा सेंटर सॉल्यूशंस के साथ मिलाकर मजबूत और स्केलेबल सिस्टम तैयार करना है।

Vertiv के साथ रणनीतिक साझेदारी

Netweb Technologies ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह Vertiv के साथ मिलकर अपने इन-हाउस डिजाइन किए गए GPU कंप्यूट प्लेटफॉर्म्स को इंजीनियर और वैलिडेट करेगी। यह साझेदारी खासतौर पर AI और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग यानी HPC सिस्टम्स के लिए है।

कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हिरदेय विक्रम ने कहा कि यह पहल प्रोडक्ट डिजाइन के शुरुआती चरण से ही जटिल कूलिंग टेक्नोलॉजी पर साथ काम करने का मौका देगी। इसमें Direct to Chip कूलिंग जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी शामिल है। इसका मकसद ऐसे रैक-स्केल AI सिस्टम तैयार करना है, जहां कंप्यूट, कूलिंग और पावर एक साथ डिजाइन किए जाएं और पूरी तरह वैलिडेटेड सॉल्यूशंस के रूप में उपलब्ध हों।

इस साझेदारी के तहत क्या होगा?

इस सहयोग के तहत Netweb के रैक-स्केल सॉल्यूशंस में Vertiv का लिक्विड कूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होगा। इसमें कूलेंट डिस्ट्रीब्यूशन यूनिट्स, फ्री कूलिंग चिलर्स और एडवांस्ड पावर इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग किया जाएगा। पावर सिस्टम में बसवे, अनइंटरप्टिबल पावर सप्लाई यानी UPS, पावर कन्वर्जन और डायनेमिक लोड मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं होंगी।

एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, ये इंटीग्रेटेड लिक्विड-कूल्ड रैक स्टैक सॉल्यूशंस डेटा सेंटर की ऑपरेशनल और एनर्जी एफिशिएंसी बढ़ाने के लिए डिजाइन किए गए हैं। इससे बेहतर थर्मल परफॉर्मेंस, बेहतर पावर उपयोग और बड़े स्तर पर AI डिप्लॉयमेंट के लिए स्केलेबल आर्किटेक्चर मिलेगा।

AI इंफ्रास्ट्रक्चर में पहले ही एंट्री

इससे पहले 18 फरवरी को Netweb Technologies ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर सॉल्यूशंस में एंट्री की घोषणा की थी। फरीदाबाद स्थित इस कंपनी ने NVIDIA Sovereign AI Development से ऑपरेटेड AI सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम लॉन्च किए थे। इससे साफ है कि कंपनी AI से जुड़ी हार्डवेयर और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमताओं को तेजी से मजबूत कर रही है।

तिमाही नतीजे कैसे रहे?

वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹804 करोड़ रहा। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 140 प्रतिशत की तेज वृद्धि है। EBITDA ₹44 करोड़ से बढ़कर ₹97.5 करोड़ हो गया। हालांकि EBITDA मार्जिन में तिमाही आधार और सालाना आधार पर कुछ गिरावट दर्ज की गई है।

Netweb के शेयरों का हाल

Netweb Technologies India Ltd का शेयर 26 फरवरी को NSE पर 1.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹3,691.10 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 61.11% का रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल में यह 148% चढ़ चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 20.85 हजार करोड़ रुपये है।

Stocks to Watch: 27 फरवरी को फोकस में रहेंगे ये 10 स्टॉक्स, दिख सकती है बड़ी हलचल

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।