Published on 17/02/2026 02:25 PM
Newgen Software Share Price: देश की टेक कंपनियों ने AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़ी कुछ इंटरनेशनल कंपनियों के साथ साझेदारी का ऐलान किया तो आईटी सेक्टर में बहार आ गई। आईटी सेक्टर में लगातार चार कारोबारी दिनों की गिरावट के बाद जब आज रौनक लौटी तो न्यूजेन सॉफ्टवेयर टेक के शेयरों में आज जोरदार तेजी आई जबकि इसने किसी इंटरनेशनल कंपनी के साथ ऐसी किसी साझेदारी का ऐलान नहीं किया है। मार्केट की रौनक में इसके शेयर करीब 17% उछल पड़े। इस तेजी का निवेशकों ने फायदा उठाए जिससे भाव नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 15.55% की बढ़त के साथ ₹534.70 पर है। इंट्रा-डे में यह 16.86% उछलकर ₹540.75 तक पहुंच गया था।
एक साल के निचले स्तर से Newgen Software की शानदार रिकवरी
खास बात ये है कि न्यूजेन सॉफ्टवेयर के शेयर आज एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गए थे जिससे इसने करीब 18% रिकवरी की। लगातार पांच कारोबारी दिनों में यह करीब 18% टूटने के बाद आज भी यह शुरुआती कारोबार में कमजोर दिखा और एक साल के निचले स्तर ₹459.00 पर आ गया। इसके बाद न्यूजेन सॉफ्टवेयर के शेयरों ने जोरदार रिकवरी की और करीब 18% उछल पड़ा जोकि 5 अगस्त के बाद से इंट्रा-डे में सबसे बड़ी तेजी रही। आज की जो तेजी आई, वह मजबूत वॉल्यूम के दम पर रहा जोकि पिछले 10 दिनों से 8 गुना से अधिक रहा। पिछले साल 20 मई 2025 को यह एक साल के हाई ₹1379.15 पर था।
आगे क्या है रुझान?
न्यूजेन सॉफ्टवेयर को कवर करने वाले नौ एनालिस्ट्स में से छह ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है। इसका टारगेट प्राइस ₹834 है। इसके शेयरों में बिकवाली का हालिया दबाव दिसंबर 2025 तिमाही के कमजोर नतीजे पर आई। हालांकि 21 जनवरी को वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने इस पर बुलिश रुझान दिखाया।
कैसी रही दिसंबर 2025 तिमाही?
न्यूजेन सॉफ्टवेयर ने 20 जनवरी को चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 के नतीजे पेश किए। दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 23.2% घटकर ₹63 करोड़ आ गया। इसे नए लेबर कोड के चलते करीब ₹35 करोड़ का झटका लगा। इस दौरान रेवेन्यू भी ₹401 करोड़ से हल्का-सा फिसलकर ₹400 करोड़ पर आ गया। हालांकि ऑपरेशनल लेवल पर कुछ सुधार देखने को मिला। कंपनी का ईबीआईटी इस दौरान 3.1% बढ़कर ₹97 करोड़ हो गया तो EBITDA मार्जिन भी 70 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 24.2% पर पहुंच गया।
भौगोलिक इलाकों के लिहाज से बात करें तो न्यूजेन सॉफ्टवेयर के भारतीय कारोबार में गिरावट आई और यह ₹117.8 करोड़ से घटकर ₹115.4 करोड़ रह गया। EMEA (यूरोप, मिडिल ईस्ट और अफ्रीका) इलाके में रेवेन्यू लगभग स्थिर रहा और ₹123.6 करोड़ पर बना रहा। वहीं, एशिया-पैसिफिक में मामूली सुधार दिखा और रेवेन्यू ₹63.45 करोड़ से बढ़कर ₹65.32 करोड़ हो गया। अमेरिकी कारोबार से होने वाली आय भी हल्की बढ़त के साथ ₹95 करोड़ से ₹96 करोड़ पहुंच गई।
TVS Supply Chain Shares: $2800 करोड़ के मार्केट में एंट्री पर चहके निवेशक, फटाक से 7% उछल पड़े शेयर
Hindustan Zinc Shares: धुंधली चांदी पर शेयर धड़ाम
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।