News Image
Money Control

Novartis India के शेयर 20% उछले, लगा अपर सर्किट, प्रमोटर ने 71% हिस्सेदारी बेचने का किया ऐलान

Published on 20/02/2026 10:11 AM

Novartis India Shares: नोवार्टिस इंडिया लिमिटेड के शेयरों में आज 20 फरवरी को जोरदार तेजी के साथ खुले। कंपनी के प्रमोटर नोवार्टिस एजी ने अपनी 70.68% हिस्सेदारी को क्रिसकैपिटल के अगुआई वाले कंसोर्टियम को बेचने का समझौता किया है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयर 20 प्रतिशत तक उछलकर अपनी अपर सर्किट सीमा में पहुंच गए।

1.74 करोड़ शेयरों की बिक्री

कंपनी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि नोवार्टिस AG ने वेवराइज इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड, क्रिसकैपिटल फंड X और टू इनफिनिटी पार्टनर्स के साथ एक शेयर परचेज एग्रीमेंट किया है। इस समझौते के तहत कंपनी के 1.74 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे, जो कंपनी की कुल इक्विटी हिस्सेदारी का करीब 70.68% है।

इस सौदे के पूरा होने के बाद नोवार्टिस AG कंपनी के प्रमोटर नहीं रहेंगे। नए खरीदार कंपनी का नियंत्रण संभालेंगे और उन्हें नए प्रमोटर के रूप में क्लासिफाई किया जाएगा।

कंपनी का नाम भी बदलेगा

कंपनी ने कहा है कि इस लेनदेन के पूरा होने के 120 दिनों के भीतर कंपनी के नाम से नोवार्टिस ग्रुप का संदर्भ हटा दिया जाएगा। यानी कंपनी का नाम बदल दिया जाएगा।

पहले आई रिपोर्ट्स के अनुसार, प्राइवेट इक्विटी फर्म क्रिसकैपिटल पिछले एक साल से इस डील पर बातचीत कर रही थी। बताया जा रहा था कि कई महीनों से वही इकलौती इच्छुक खरीदार थी और अब वह कंट्रोलिंग हिस्सेदारी लेने जा रही है। एक सोर्स ने मनीकंट्रोल को बताया था, “क्रिसकैपिटल कई महीनों से इस रेस में अकेली कंपनी रही है और अब नोवार्टिस इंडिया में कंट्रोलिंग स्टेक लेने की तैयारी कर रही है।”

ओपन ऑफर भी आएगा

इस सौदे के तहत कंपनी ने विक्रेता और खरीदारों के साथ एक कंपनी कोवेनेंट और वारंटी डीड पर भी हस्ताक्षर किए हैं। सेबी के नियमों के अनुसार पब्लिक शेयरधारकों के लिए अनिवार्य ओपन ऑफर भी लाया जाएगा।

कंपनी ने यह भी कहा है कि लेनदेन पूरा होने तक वह अपना कारोबार सामान्य रूप से चलाती रहेगी और क्लोजिंग के बाद जरूरी नियामकीय फाइलिंग पूरी करेगी।

शेयरों में तेज उछाल

इस ऐलान के बाद नोवार्टिस इंडिया के शेयर हरे निशान में खुले और शुरुआती कारोबार में ही 20% तक उछलकर अपनी अपर सर्किट सीमा में पहुंच गए। खबर लिखे जाने के समय कंपनी के शेयर 996.50 रुपये पर लॉक थे। साल 2026 में अब तक कंपनी के शेयरों में करीब 28 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- Q3 Results: निफ्टी कंपनियों के मुनाफे में 3 साल बाद गिरावट, 8.1% घटा नेट प्रॉफिट; जानिए क्या है वजह

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।