News Image
Money Control

ऑल टाइम हाई से 57% गिरा बजाज हाउसिंग, क्या अब आएगी तेजी? जानिए एक्सपर्ट की राय

Published on 24/03/2026 10:18 PM

Bajaj Housing Finance share price: बजाज फाइनेंस की सब्सिडियरी Bajaj Housing Finance (BHFL) देश की तेजी से बढ़ती हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों में शामिल है। इसके आईपीओ ने लिस्टिंग पर निवेशकों के पैसे डबल कर दिए थे। लेकिन, उसके बाद से इसमें भारी गिरावट देखने को मिली। इसकी वजह कंपनी का ऊंचा वैल्यूएशन था।

हालांकि, अब ब्रोकरेज का रुख बजाज हाउसिंग पर सकारात्मक हो रहा है। JM Financial का मानना है कि स्टॉक अब खरीदने वाले पोजिशन में है।

बजाज हाउसिंग के AUM में तेज बढ़त

ब्रोकरेज फर्म JM Financial की रिपोर्ट के मुताबिक FY20 से FY26 की तीसरी तिमाही तक कंपनी के AUM में 28% की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) दर्ज की गई है।

कंपनी कई तरह के मॉर्गेज प्रोडक्ट्स देती है। इसमें होम लोन, लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी (LAP), लीज रेंटल डिस्काउंटिंग (LRD) और डेवलपर फाइनेंसिंग जैसे प्रोडक्ट शामिल हैं। दिसंबर 2025 तक कंपनी का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) ₹1.33 ट्रिलियन तक पहुंच गया। यह LIC Housing Finance के बाद भारत की दूसरी सबसे बड़ी हाउसिंग फाइनेंस कंपनी बन गई है।

अफोर्डेबल हाउसिंग में विस्तार

बजाज हाउसिंग ने Sambhav प्लेटफॉर्म के जरिए नियर प्राइम और अफोर्डेबल हाउसिंग सेगमेंट में भी विस्तार किया है। इसका मकसद ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच बनाना और बेहतर यील्ड हासिल करना है।

JM Financial के मुताबिक कंपनी के 178 शहरों में 221 ब्रांच हैं। साथ ही कंपनी ने मल्टी चैनल सोर्सिंग मॉडल के जरिए मजबूत डिजिटल नेटवर्क भी तैयार किया है।

IPO के बाद शेयर का सफर

Bajaj Housing Finance के शेयर सितंबर 2025 में शेयर बाजार में लिस्ट हुए थे। कंपनी ने ₹70 प्रति शेयर के भाव पर IPO के जरिए ₹6,560 करोड़ जुटाए थे।

लिस्टिंग के शुरुआती दिनों में यह स्टॉक तेजी से उछला और IPO प्राइस से करीब 160% चढ़कर ₹181 तक पहुंच गया। हालांकि बाद में इसमें गिरावट आ गई। फिलहाल यह शेयर IPO प्राइस से करीब 10% ऊपर है, लेकिन अपने ऑल टाइम हाई से लगभग 57% नीचे आ चुका है।

लागत में बड़ा सुधार

बजाज हाउसिंग ने अपने कॉस्ट टू इनकम (C/I) रेशियो में भी सुधार किया है। FY22 में यह करीब 29% था, जो FY26 की तीसरी तिमाही तक घटकर करीब 19% रह गया है।

यह कंपनी की बेहतर ऑपरेशनल एफिशिएंसी और मजबूत ऑपरेटिंग लीवरेज को दिखाता है।

आगे कैसी रह सकती है ग्रोथ

JM Financial का कहना है कि कंपनी का प्राइम कस्टमर सेगमेंट पर फोकस और कम जोखिम वाले होम लोन पोर्टफोलियो इसे आगे बढ़ने में मदद कर सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक FY26 से FY28 के बीच कंपनी का AUM करीब 22% CAGR से बढ़ सकता है। वहीं मुनाफा करीब 20% CAGR की दर से बढ़ने का अनुमान है।

वैल्यूएशन को लेकर चिंता

हालांकि ब्रोकरेज का मानना है कि फिलहाल यह स्टॉक ऊंचे वैल्यूएशन पर ट्रेड कर रहा है। बजाज हाउसिंग का शेयर FY28 के अनुमानित बुक वैल्यू प्रति शेयर (BVPS) के मुकाबले करीब 2.3 गुना पर ट्रेड कर रहा है।

प्राइम हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां आमतौर पर 0.5 से 0.9 गुना और अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां 1.3 से 1.9 गुना वैल्यूएशन पर ट्रेड करती हैं। इससे संकेत मिलता है कि निकट अवधि में स्टॉक में सीमित तेजी देखने को मिल सकती है।

जोखिम भी मौजूद

JM Financial के मुताबिक कंपनी के सामने कुछ जोखिम भी हैं। इनमें बढ़ती प्रतिस्पर्धा, आर्थिक सुस्ती, सप्लाई से जुड़ी चुनौतियां और एसेट क्वालिटी में गिरावट शामिल हैं।

हालांकि रिपोर्ट यह भी कहती है कि बजाज हाउसिंग ने अब तक बेहतरीन एसेट क्वालिटी बनाए रखी है। FY23 से FY25 के पहले नौ महीनों तक कंपनी की औसत क्रेडिट कॉस्ट करीब 14 बेसिस प्वाइंट रही है।

ब्रोकरेज की रेटिंग

JM Financial ने Bajaj Housing Finance को ‘ADD’ रेटिंग दी है। इसका टारगेट प्राइस ₹88 रखा है। मंगलवार, 24 मार्च को स्टॉक 0.37% चढ़कर 78.80 रुपये पर बंद हुआ। इस हिसाब से बजाज हाउसिंग में 11.67 रुपये का संभावित उछाल दिखता है।

अमेरिकी शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव, एक्सपर्ट बोले- जंग लंबी खिंची, तो वैश्विक मंदी का खतरा

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।