News Image
Money Control

ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 8% धड़ाम, यह आंकड़े आते ही गिरा भाव, दो दिनों से जारी थी तूफानी तेजी

Published on 21/08/2025 12:55 PM

Ola Electric Mobility shares: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड के शेयरों में आज 21 अगस्त को तेज गिरावट देखी गई। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 8% तक फिसल गया। जबकि इससे पहले पिछले दो दिनों में इसमें जोरदार तेजी देखने को मिली थी। बुधवार 20 अगस्त को शेयर करीब 20% की उछाल के साथ बंद हुआ था। वहीं मंगलवार को इसमें करीब 9 फीसदी तक की तेजी आई थी। इन दो दिनों में स्टॉक कुल 29% तक ऊपर गया था और इसका भाव पिछले तीन महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में गिरावट 'वाहन (VAHAN)' पोर्टल के आंकड़े सामने आने के बाद आई है। वाहन पोर्टल के मुताबिक, 20 अगस्त तक ओला इलेक्ट्रिक की 9,522 गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हुआ। वहीं इसकी राइवल कंपनी एथर एनर्जी (Ather Energy) के 10,248 रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए। यानी इसकी राइवल कंपनी एथर की गाड़ियों की अधिक बिक्री हुई।

रिकॉर्ड ट्रेडिंग वॉल्यूम

इससे पहले 20 अगस्त को ओला इलेक्ट्रिक के शेयर में रिकॉर्ड ट्रेडिंग देखने को मिली। इस दिन कुल 111 करोड़ शेयरों का कारोबार हुआ। इनमें से सिर्फ 19 करोड़ शेयर डिलीवरी वॉल्यूम रहे, जो कुल ट्रेडिंग का केवल 17% है। यह पिछले चार महीनों में सबसे कम डिलीवरी रेशियो रहा।

ओला के तिमाही नतीजे

ओला इलेक्ट्रिक के जून तिमाही के नतीजे पिछले साल की तुलना में कमजोर रहे, लेकिन पिछली तिमाही से बेहतर थे। कंपनी का नेट लॉस कम हुआ और रेवेन्यू में सुधार आया। इसका ग्रॉस मार्जिन जून तिमाही में 26% रहा, जो तिमाही आधार पर 11 फीसदी और सालाना आधार पर 7.4 फीसदी अधिक है।

कंपनी मैनेजमेंट का अनुमान है कि पूरा साल ग्रॉस मार्जिन 35% से 40% के बीच रह सकता है। कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष में रेवेन्यू ग्रोथ -7% से 4% के बीच रहने का अनुमान जताया है। वहीं, कंपनी की ऑटो बिजनेस यूनिट के सितंबर तिमाही से EBITDA पॉजिटिव होने की उम्मीद है। पूरे साल के लिए कंपनी ने ऑटो बिजनेस का EBITDA 5% से ऊपर रहने का लक्ष्य रखा है।

दोपहर 12.40 बजे के करीब, ओला इलेक्ट्रिक के शेयर एनएसई पर 5.46 फीसदी की गिरावट के साथ 50.09 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। साल 2025 में अब तक कंपनी के शेयरों में करीब 42 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- Nazara Tech के शेयर दो दिन में 22% क्रैश, ₹2800 करोड़ घट गई मार्केट वैल्यू, बेचने की लगी होड़

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।Tags: #share marketsFirst Published: Aug 21, 2025 12:55 PMहिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।