Published on 09/02/2026 12:27 PM
ब्लॉक डील्स में पतंजलि फूड्स लिमिटेड के 53.6 लाख शेयरों की बिक्री हुई है। ये शेयर कंपनी की 1.48 प्रतिशत इक्विटी के बराबर हैं। डील की वैल्यू 272 करोड़ रुपये रही। बिक्री 509 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर की गई। इस डील के तहत किसने शेयर बेचे और किसने खरीदे, इस बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है। ब्लॉक डील के बाद पतंजलि फूड्स के शेयर में गिरावट है। BSE पर शेयर 4 प्रतिशत तक गिरकर 502.65 रुपये के लो तक गया।
कंपनी का मार्केट कैप 56000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर 6 महीनों में 14 प्रतिशत गिरा है। पतंजलि फूड्स में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 68.26 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। प्रमोटर ग्रुप पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के पास कंपनी में 29.6% हिस्सेदारी थी। वहीं दूसरे प्रमोटर ग्रुप योगक्षेम संस्थान के पास 14.11%, पतंजलि परिवहन प्राइवेट लिमिटेड के पास 13.49% और पतंजलि ग्रामोद्योग न्यास के पास 11.03% हिस्सेदारी थी।
म्यूचुअल फंड्स और LIC के पास कितना हिस्सा
दिसंबर 2025 तिमाही के आखिर में म्यूचुअल फंड्स के पास Patanjali Foods में 3.32% हिस्सेदारी थी। इंश्योरेंस कंपनियों के पास 9.72% हिस्सेदारी थी, जिसमें से 9.13% हिस्सा LIC के पास था। GQG पार्टनर्स एमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड के पास कंपनी में 3.7% हिस्सेदारी थी। कंपनी 11 फरवरी 2026 को दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी करेगी।
सितंबर तिमाही में कितना मुनाफा
पतंजलि फूड्स की जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर इनकम 9798.84 करोड़ रुपये रही। इस बीच शुद्ध मुनाफा 516.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान स्टैंडअलोन इनकम 34,156.97 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 1301.34 करोड़ रुपये रहा।
Shipping Corporation of India के शेयर ने लगाई 14% तक की छलांग, मुनाफा 436% बढ़ने से बंपर खरीद
Lloyds Engineering Works में भी ब्लॉक डील
इस बीच यह भी खबर है कि Lloyds Engineering Works Ltd. में प्रमोटर ग्रुप ने लगभग 9% तक हिस्सेदारी ब्लॉक डील्स के जरिए बेची है। CNBC-TV18 को सूत्रों से पता चला है कि 10.57 करोड़ शेयरों या 9.1% हिस्सेदारी की बिक्री ₹550 करोड़ में हुई है। Triveni Earth Movers ने 9% हिस्सेदारी खरीदी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।