Published on 26/08/2025 10:09 AM
Patel Retail IPO Listing: रिटेल सुपरममार्केट चेन चलाने वाली पटेल रिटेल के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 95 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹255 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹305.00 और NSE पर ₹300.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 19% का लिस्टिंग गेन (Patel Retail Gain) मिला। हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में फीकी हो गई जब शेयर टूट गए। टूटकर BSE पर यह ₹290.00 (Patel Retail Share Price) पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 13.73% मुनाफे में हैं।
Patel Retail IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
पटेल रिटेल का ₹242.76 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 19-21 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 95.69 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 272.14 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 108.11 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 42.55 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 25.29 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹217.21 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 10.02 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹59.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹115.00 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Patel Retail के बारे में
वर्ष 2008 में बनी पटेल रिटेल एक रिटेल सुपरममार्केट चेन है जो मुख्य रूप से टियर-3 शहरों और इसके आस-पास के सबअर्बन एरियाज में कारोबार करती है। इसके स्टोर्स में खाने-पीने की चीजें, रोजमर्रा के इस्तेमाल वाली चीजें, कपड़े इत्यादि मिलते हैं। इसका पहला स्टोर महाराष्ट्र के अंबरनाथ में Patel’s R Mart ब्रांड नाम से खुला था। अब मई 2025 तक के आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र के ठाणे और रायगढ़ जिले में इसके 43 स्टोर चल रहे हैं। अब इसने अपना खुद का लेबल वाला प्रोडक्ट्स जैसे कि पटेल फ्रेश, इंडियन चस्का, ब्लू नेशन और पटेल एस्सेंशियल्स लॉन्च किया है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹16.38 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹22.53 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹25.28 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी के टोटल इनकम में उठा-पटक दिखी। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1,019.80 करोड़, वित्त वर्ष 2024 में ₹817.71 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹825.99 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हुई। कर्ज की बात करें तो इसका भार हल्का हुआ है। वित्त वर्ष 2023 के आखिरी में इस पर ₹182.81 करोड़ का कर्ज था जो वित्त वर्ष 2024 के आखिरी में बढ़कर ₹185.75 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन फिर वित्त वर्ष 2025 के आखिरी में गिरकर ₹180.54 करोड़ पर आ गया।
Vikram Solar IPO Listing: 56 गुना मिली थी आईपीओ को बोली, अब 2% प्रीमियम पर लिस्ट हुए ₹332 के शेयर
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।Tags: #IPO #share marketsFirst Published: Aug 26, 2025 10:09 AMहिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।