Published on 05/02/2026 11:24 PM
PB Fintech के शेयरों में 5 फरवरी को दिन में 10 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयरों की कीमत 1583.80 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर लगभग 8 प्रतिशत बढ़त के साथ 1552.20 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसके बोर्ड की 5 फरवरी 2026 को होने वाली मीटिंग कैंसिल हो गई है। इस मीटिंग में संभावित क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) पर चर्चा होने वाली थी।
पीबी फिनटेक का शेयर सुबह खुला फ्लैट लेवल पर और उसके बाद इसने दिन में 1412.15 रुपये का लो भी देखा। लेकिन फिर यह हरे निशान में गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 72000 करोड़ रुपये के करीब हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह कंपनी पॉलिसीबाजार, पैसाबाजार की पेरेंट कंपनी है।
इससे पहले लगातार 4 ट्रेडिंग सेशंस से शेयर में बिकवाली हो रही थी। निवेशकों को चिंता थी कि QIP के चलते इक्विटी डायल्यूट हो सकती है। यानि कि कंपनी द्वारा QIP के जरिए नए शेयर जारी करने से मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी का प्रतिशत घट सकता है।
PB Fintech शेयर 2 साल में 60 प्रतिशत मजबूत
पीबी फिनटेक में दिसंबर 2025 के आखिर तक पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 99.86 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 साल में 263 प्रतिशत चढ़ा है। 2 साल में इसने 60 प्रतिशत की तेजी देखी है। वहीं एक महीने में 12 प्रतिशत नीचे आया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का उच्च स्तर 1977.75 रुपये है। वहीं 52 सप्ताह का निचला स्तर 1312.10 रुपये है। पीबी फिनटेक नवंबर 2021 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका 5709.71 करोड़ रुपये का IPO 16.59 गुना भरा था।
कंपनी की वित्तीय सेहत
PB Fintech का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 164 प्रतिशत बढ़कर 189 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 71.5 करोड़ रुपये था। ऑपरेटिंग रेवेन्यू 37 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1771 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 1291.6 करोड़ रुपये था। खर्च 1655.4 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 1306.8 करोड़ रुपये के थे।
Suzlon Q3 Results: रिजल्ट के बाद सुजलॉन का शेयर धड़ाम, जानिए प्रॉफिट और रेवेन्यू का हाल
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।