News Image
Money Control

PhysicsWallah Shares: ऑलटाइम हाई से 45% टूटा शेयर, IPO प्राइस से भी नीचे आया भाव; अब क्या करें निवेशक?

Published on 26/02/2026 02:28 PM

PhysicsWallah Shares: एडटेक सेक्टर की कंपनी फिजिक्सवाला (PhysicsWallah) के शेयरों में गिरावट का दौर जारी है। कंपनी के शेयर आज 26 फरवरी को करीब 3% तक टूट गए। पिछले चार में से तीन दिन यह शेयर लाल निशान में रहा है। लगातार बिकवाली के चलते कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन अब घटकर लगभग ₹25,451 करोड़ रह गया है। यह 18 नवंबर 2025 को लिस्टिंग के समय में रहे ₹45,975 करोड़ के वैल्यूएशन से काफी कम है।

लिस्टिंग हाई से 45% नीचे

फिजिक्सवाला के शेयर ने लिस्टिंग के बाद मजबूत शुरुआत की थी। यह NSE पर 145 रुपये और BSE पर 143.10 रुपये के स्तर पर लिस्ट हुआ था, जबकि इसका आईपीओ प्राइस 109 रुपये था। उस समय निवेशकों को लगभग 36% का लिस्टिंग गेन मिला था।

लेकिन अब शेयर लिस्टिंग के बाद अपने ऑलटाइम हाई से करीब 45% टूट चुका है। फिलहाल यह शेयर 89.05 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है, जो इसके इश्यू प्राइस से भी काफी नीचे है।

तकनीकी संकेत कमजोर

तकनीकी चार्ट पर फिजिक्सवाला के शेयर सभी अहम शॉर्ट टर्म मूविंग एवरेज के नीचे आ चुका है। यह 5-दिन, 10-दिन, 20-दिन और 30-दिन के औसत से नीचे ट्रेड कर रहा है। इसका रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी RSI 27.4 पर है। आम तौर पर 30 से नीचे का स्तर, ओवरसोल्ड जोन का संकेत होता है। इसका मतलब है कि शेयर में तेज गिरावट के बाद रिकवरी की संभावना भी बन सकती है, लेकिन फिलहाल ट्रेंड कमजोर है।

विस्तार की योजना और मुनाफे का लक्ष्य

कंपनी के को-फाउंडर और फुलटाइम डायरेक्टर प्रतीक माहेश्वरी ने पहले कहा था कि कंपनी अगले 12 महीनों में मुनाफे में आने का लक्ष्य रखती है। लिस्टिंग के बाद कंपनी ने साउथ इंडिया में विस्तार की योजना बनाई थी। साथ ही 11 भारतीय भाषाओं में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और नए एग्जामिनेशन कैटेगरी में प्रवेश की रणनीति पर काम कर रही है।

फिलहाल कंपनी का करीब 52% रेवेन्यू, ऑनलाइन माध्यम से आता है। बाकी हिस्सा ऑफलाइन सेंटर से आता है। कंपनी के मैनेजमेंट का मानना है कि दोनों सेगमेंट आगे भी संतुलित तरीके से बढ़ेंगे।

वित्तीय प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का रेवेन्यू 40% से ज्यादा बढ़ा। आने वाले सालों में इसके 30% से अधिक के रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान रखा है। फिलहाल कंपनी की कोई बड़ी अधिग्रहण योजना नहीं है।

फिजिक्सावाला की शुरुआत 2016 में आलख पांडे ने एक यूट्यूब चैनल के तौर पर की थी। कोरोना महामारी के दौरान यह कंपनी तेजी से उभरी। आज इसके 303 ऑफलाइन सेंटर हैं, जो भारत और मिडिल-ईस्ट के 152 शहरों में फैले हुए हैं।

लॉक-इन खत्म होने का भी असर

इसके शेयरधारकों की  तीन महीने की लॉक-इन अवधि बीते 12 फरवरी को समाप्त हुई थी। इससे 7.17 करोड़ शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए, जो कुल इक्विटी का करीब 3% हैं। बाजार में अतिरिक्त सप्लाई भी गिरावट का एक कारण मानी जा रही है। फिलहाल केवल दो एनालिस्ट्स इस शेयर को कवर करते हैं। इनमें से एक ने इसे ‘Buy’ और दूसरे ने ‘Sell’ की रेटिंग दी है।

यह भी पढ़ें- Share Market Down: सेंसेक्स दिन के हाई से 500 अंक टूटा, इन 5 कारणों से अचानक लौटी गिरावट

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।