News Image
Money Control

Q2 results: रेखा झुनझुनवाला के निवेश वाला स्टॉक धड़ाम, उम्मीद से कमजोर रहे तिमाही नतीजे

Published on 06/11/2025 04:21 PM

Q2 results: कंस्ट्रक्शन कंपनी NCC Ltd के शेयरों में गुरुवार, 6 नवंबर को करीब 6% की बड़ी गिरावट आई। यह गिरावट कंपनी के जुलाई-सितंबर तिमाही के नतीजे जारी करने के बाद देखने को मिली। मशहूर इन्वेस्टर रेखा झुनझुनवाला के निवेश वाली NCC Ltd का प्रदर्शन बाजार की उम्मीद से कमजोर रहा। इसका सीधा असर शेयर प्राइस पर पड़ा।

नेट प्रॉफिट में 5% की गिरावट

NCC ने इस तिमाही में ₹155 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। यह पिछले साल के ₹163 करोड़ के मुकाबले 5% कम है। कंपनी का कहना है कि लागत और प्रोजेक्ट से जुड़ी चुनौतियों ने प्रॉफिट पर असर डाला।

रेवेन्यू-EBITDA भी फिसला

NCC Ltd का तिमाही रेवेन्यू सालाना आधार पर 12.6% घटकर ₹4,543 करोड़ रह गया। EBITDA भी 11.5% की गिरावट के साथ ₹394 करोड़ पर आ गया। हालांकि कुल मुनाफा कम हुआ, लेकिन EBITDA मार्जिन मामूली बढ़त के साथ 8.5% से 8.7% हो गया। इससे ऑपरेशनल लेवल पर थोड़ी स्थिरता दिखाई दी।

अक्टूबर में मिले नए ऑर्डर

इस हफ्ते की शुरुआत में NCC Ltd ने बताया था कि उसे अक्टूबर महीने में कुल ₹710 करोड़ के चार नए ऑर्डर मिले हैं। इन ऑर्डर्स में से ₹590.9 करोड़ बिल्डिंग्स डिविजन और ₹119.1 करोड़ ट्रांसपोर्टेशन डिविजन को मिले हैं।

इसके अलावा कंपनी ने पहले एक बड़ा ₹6,828 करोड़ का ऑर्डर भी घोषित किया था। ये नए प्रोजेक्ट्स आने वाले समय में रेवेन्यू फ्लो को सपोर्ट कर सकते हैं।

ऑर्डर बुक ₹72,000 करोड़

सितंबर तिमाही के अंत में NCC की कुल ऑर्डर बुक ₹71,957 करोड़ रही। इससे पता चलता है कि कंपनी के पास काम की मजबूत पाइपलाइन है, जो आने वाले वर्षों के लिए विजिबिलिटी और ग्रोथ की संभावना देती है।

रेखा झुनझुनवाला की बड़ी हिस्सेदारी

लेटेस्ट शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, रेखा झुनझुनवाला की NCC में 10.63% हिस्सेदारी है। इसके अलावा 5.45 लाख रिटेल निवेशकों की संयुक्त हिस्सेदारी भी 25.94% है। इससे पता चलता है कि छोटे निवेशकों का कंपनी में भरोसा काफी अधिक है।

NCC के शेयरों का हाल

NCC का शेयर गुरुवार के कारोबारी सत्र में काफी दबाव में दिखा। यह इंट्राडे में पिछले सत्र के मुकाबले 6.06% गिरकर 193.25 रुपये तक आ गए थे। हालांकि, बाद में थोड़ी रिकवरी दिखी और स्टॉक 3.90%फिसलकर 197.70 रुपये पर बंद हुआ।

यह स्टॉक बीते 6 महीने में 5.15% गिरा है। वहीं, 1 साल में 35.87% टूट चुका है। इस साल यानी 2025 में भी NCC के शेयरों में 28.76% की गिरावट आई है। इसका मार्केट कैप 12.26 करोड़ रुपये है।

NCC का बिजनेस क्या है

NCC Ltd. देश की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन कंपनियों में से एक है। यह सरकारी और निजी क्षेत्रों के लिए बड़े पैमाने पर प्रोजेक्ट बनाती है। कंपनी का कारोबार सड़कों, फ्लाईओवर, मेट्रो रेल, बिल्डिंग्स, वॉटर सप्लाई, इलेक्ट्रिकल व ट्रांसमिशन वर्क और इरिगेशन प्रोजेक्ट जैसे कई क्षेत्रों में फैला हुआ है।

भारत के साथ-साथ यह कंपनी मिडल ईस्ट में भी काम करती है। बड़ी ऑर्डर बुक, अलग-अलग सेक्टर्स में उपस्थिति और लंबे अनुभव के कारण NCC को इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में एक मजबूत प्लेयर माना जाता है।

Gainers & Losers: फटाफट 17% तक रिटर्न; SBI, Britannia और Ola Electric समेत इन 10 शेयरों पर किस पर लगाया दांव?

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।