News Image
Money Control

Q3 Results: 166% उछला मुनाफा, हिंदी फिल्मों ने मल्टीप्लेक्स चेन को बनाया 'धुरंधर', शेयरों में हलचल

Published on 05/02/2026 03:34 PM

Q3 Results: भारत की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन PVR INOX ने वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही में ₹95.7 करोड़ का प्रॉफिट दर्ज किया। यह मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही (Q3 FY25) के ₹35.9 करोड़ के मुकाबले 166.5 प्रतिशत ज्यादा है।

दिसंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय ₹1,919.6 करोड़ रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह ₹1,759.1 करोड़ थी। इसमें सालाना आधार पर 9.1% की बढ़त देखने को मिली।

100 करोड़ क्लब में रिकॉर्ड 37 फिल्में

कैलेंडर ईयर 2025 भारतीय थिएटर इंडस्ट्री के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। इस साल कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ₹13,395 करोड़ तक पहुंच गया। यह प्री-कोविड स्तर से 32 प्रतिशत ज्यादा है और सालाना आधार पर इसमें 13 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई।

साल 2025 में कुल 37 फिल्मों ने ₹100 करोड़ से ज्यादा का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया। यह किसी भी एक साल में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे साफ है कि भारत में थिएटर बिजनेस की पकड़ और दर्शकों की दिलचस्पी लगातार मजबूत हो रही है।

हिंदी फिल्मों का सबसे मजबूत प्रदर्शन

ओरिजिनल हिंदी फिल्मों ने इस ग्रोथ में बड़ी भूमिका निभाई। हिंदी बॉक्स ऑफिस ने अब तक का सबसे अच्छा साल दर्ज किया और कुल कलेक्शन ₹5,500 करोड़ से ज्यादा रहा। यह सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की बढ़त है।

बेहतर जॉनर मिक्स और ज्यादा स्थिर रिलीज शेड्यूल के चलते यह प्रदर्शन देखने को मिला। इसमें कुछ बड़ी फिल्मों का योगदान रहा, जिनमें आदित्य धर के निर्देशन वाली रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ शामिल है। यह फिल्म अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है, जिसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ₹1,000 करोड़ तक पहुंच चुका है।

हॉलीवुड की भारत में दमदार वापसी

भारत में हॉलीवुड फिल्मों ने भी जोरदार वापसी की। साल 2025 में हॉलीवुड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 49 प्रतिशत सालाना बढ़त के साथ ₹1,403 करोड़ रहा। यह 2019 के बाद हॉलीवुड का सबसे अच्छा प्रदर्शन और अब तक का दूसरा सबसे बड़ा साल है।

रीजनल सिनेमा ने भी बॉक्स ऑफिस में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई। रीजनल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सालाना आधार पर 4 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड ₹6,488 करोड़ तक पहुंच गया।

गुजराती सिनेमा में 188 प्रतिशत की जबरदस्त ग्रोथ दर्ज की गई, जिसे ‘लालो: कृष्ण सदा सहायते’ ने लीड किया। कन्नड़ सिनेमा 74 प्रतिशत बढ़ा, जहां ‘कांतारा: चैप्टर 1’ और ‘सु फ्रॉम सो’ जैसी फिल्मों ने अहम भूमिका निभाई। मलयालम सिनेमा ने लगातार दूसरे साल ₹1,000 करोड़ का आंकड़ा पार किया, जो इसके मजबूत कंटेंट और वफादार दर्शक आधार को दिखाता है।

मैनेजमेंट को आगे की ग्रोथ पर भरोसा

PVR INOX के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय बिजली ने कहा कि आगे मजबूत कंटेंट लाइनअप, कैपिटल-लाइट एक्सपेंशन स्ट्रैटेजी और पहले से कहीं ज्यादा मजबूत बैलेंस शीट के दम पर कंपनी सस्टेनेबल ग्रोथ के अगले चरण में प्रवेश कर रही है।

उन्होंने कहा कि कंपनी का फोकस ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने, इनोवेशन के जरिए फुटफॉल बढ़ाने और शेयरहोल्डर्स के लिए लंबे समय तक वैल्यू बनाने पर रहेगा।

PVR INOX के शेयरों का हाल

PVR INOX का शेयर रिजल्ट के बाद करीब 2 पर्सेंट तक उछला। लेकिन, तुरंत मुनाफावसूली हावी हुई और स्टॉक 2 से ज्यादा गिर गया। यह 2.81%की गिरावट के साथ 986.40 रुपये पर बंद हुआ।

Suzlon Q3 Results: रिजल्ट के बाद सुजलॉन का शेयर धड़ाम, जानिए प्रॉफिट और रेवेन्यू का हाल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।